
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले चोरों ने न केवल घर में रखे सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए, बल्कि रसोई में रखे गुलाब जामुन भी खा गए। चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद रसोई का ताला खोलने के लिए घर में रखी चाबी का इस्तेमाल किया और फ्रिज में रखी मिठाई खाकर आराम से निकल गए। परिवार के लौटने पर चोरी का पता चला। मामले में 66 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
चकरभाठा क्षेत्र के ग्राम सारधा निवासी दुलरवा राम निर्मलकर वर्ष 2022 में बालको में शिक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वे अपनी पत्नी कृष्णा निर्मलकर के साथ गांव में रहते हैं। उनके दोनों बेटे नौकरी के सिलसिले में अलग-अलग रहते हैं। 19 नवंबर को दुलरवा राम पत्नी के साथ घर में ताला लगाकर बड़े बेटे से मिलने बालको, कोरबा चले गए थे।
वहां तीन दिन रुकने के बाद 22 नवंबर की शाम करीब छह बजे वापस लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर कमरे में रखी अलमारी का सामान भी बिखरा हुआ था। उन्होंने तत्काल दोनों बेटों और बेटी को घटना की जानकारी दी। बेटी इंदु और दामाद प्रशांत तिफरा से गांव पहुंचे। रात करीब 11 बजे भतीजे जयप्रकाश खाना लेकर आया। वापस जाते समय उसने गेट के पास गहनों का एक छोटा बैग पड़ा देखा।
जांच करने पर उसमें चांदी की बिछिया, छल्ले समेत कुछ सामान मिला। इसके बाद परिवार ने घर में रखे जेवरों का मिलान किया तो सोने का पांच फर वाला हार, पुराने सोने के टाप्स और चांदी की तीन जोड़ी पायल गायब मिलीं। चोरी गए सामान की कीमत 95 हजार रुपये बताई गई है। परिवार से चर्चा और गांव के कोटवार व सरपंच से सलाह लेने के बाद 24 नवंबर को दंपती ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
चोरी की घटना के बाद परिवार के लिए गेट के पास मिला छोटा बैग भी हैरानी का कारण बना। भतीजे जयप्रकाश निर्मलकर ने रात करीब 11 बजे घर के गेट के पास बैग पड़ा देखा था। उसने इसकी जानकारी परिवार को दी। बैग खोलकर देखने पर उसमें चांदी की बिछिया, छल्ले समेत कुछ गहने मिले। परिवार ने इनकी पहचान अपने घर के सामान के रूप में की। हालांकि, सोने के जेवर और चांदी की पायल का पता नहीं चला।
घर के अंदर घुसे चोरों को रसोई तक पहुंचने के लिए अलग से मशक्कत नहीं करनी पड़ी। दुलरवा राम के मुताबिक रसोई में ताला लगाया गया था और उसकी चाबी मुख्य दरवाजे में टांगकर रखी गई थी। चोरों ने इसी चाबी से रसोई का ताला खोला। इसके बाद फ्रिज में रखे गुलाब जामुन खाए और वहां से निकल गए। चोरी की इस घटना में चोरों की यह हरकत परिवार के लिए सबसे चौंकाने वाली रही।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर : पीएचडी चयन प्रक्रिया के खिलाफ हाई कोर्ट जाने की तैयारी, दस्तावेज जुटा रहे नाराज अभ्यर्थी