_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। चकरभाठा स्थित तीन दुकानों में चोरों ने देर रात धावा बोलकर चोरी और तोड़फोड़ की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दुकानों में पीछे की ओर से घुसकर कर नकदी पार की और सामानों को नुकसान पहुंचाया। दुकान संचालक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चोरभट्ठीकला में रहने वाले आनंद कौशिक की रामावैली के सामने माहोल रेस्टोरेंट के पास उनकी सगुन रंग पेंट की दुकान है। दुकान को वह अपने भाई आदित्य कौशिक के साथ संचालित करते हैं। 12 जून की रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर दोनों घर चले गए थे। शनिवार सुबह पड़ोसी दुकानदार फिरोज अंसारी ने फोन कर चोरी की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान के पीछे लगी खिड़की और ग्रिल टूटी मिली तथा अंदर सामान बिखरा पड़ा था। दुकान में रखे लैपटाप, मानिटर, टैबलेट, कैमरा, वैक्यूम क्लीनर, फ्रिज, स्वाइप मशीन सहित अन्य इलेक्ट्रानिक सामान को तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया।
दुकान संचालक के अनुसार करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ। इसके अलावा पूजा स्थल में रखे चार चांदी के सिक्के और कैश काउंटर से करीब सात हजार रुपये नकद चोरी हो गए। इसी दौरान पास स्थित गयाप्रसाद पटेल के ट्रांसपोर्ट कार्यालय और विशाल सोनी की गुरु कृपा मार्ट डेली नीड्स दुकान में भी चोरी और तोड़फोड़ की वारदात सामने आई।
ट्रांसपोर्ट कार्यालय से करीब एक हजार रुपये नकद चोरी हुई जबकि किराना दुकान में कैश काउंटर तोड़कर सामान बिखेर दिया गया। पुलिस के अनुसार वारदात देर रात एक से दो बजे के बीच हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर तोरवा में दुस्साहस; पानी मांगने के बहाने घर में घुसे युवक, किशोरियों को धमकाकर की नगदी लूट
पेंट दुकान में डेढ़ लाख का नुकसान
चोरों ने सगुन रंग पेंट दुकान की खिड़की और ग्रिल तोड़कर प्रवेश किया। दुकान में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान को नुकसान पहुंचाने के साथ चार चांदी के सिक्के और करीब सात हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। संचालक ने लगभग 1.50 लाख रुपये के नुकसान की जानकारी दी।
ट्रांसपोर्ट कार्यालय से नकदी पार
गयाप्रसाद पटेल के ट्रांसपोर्ट कार्यालय में घुसे चोरों ने खिड़की का ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे करीब एक हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के बाद कार्यालय का सामान अस्त-व्यस्त मिला।
किराना दुकान में तोड़फोड़
विशाल सोनी की गुरु कृपा मार्ट डेली नीड्स दुकान में पीछे की दीवार से प्रवेश कर चोरों ने कैश काउंटर को नुकसान पहुंचाया। दुकान के अंदर कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम सहित अन्य सामान बिखरा मिला। पुलिस नुकसान का आंकलन कर रही है।