
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने धारदार हथियार लहराकर राहगीरों, महिलाओं और बच्चों को डराने वाले दो आरोपित को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित के कब्जे से धारदार तलवार और चापड़ जब्त किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।
सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामायण चौक चांटीडीह तथा पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास कुछ युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा-धमका रहे हैं और गाली-गलौज कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस ने तत्काल टीम बनाकर दोनों स्थानों पर घेराबंदी की और चांटीडीह रामायण चौक मोहम्मद बाबू अंसारी उर्फ करीम(21) तथा चिंगराजपारा सूर्या चौक निवासी राजा ठाकुर(24) शामिल हैं। तलाशी के दौरान एक आरोपित के पास से लोहे की धारदार तलवार और दूसरे के पास से चापड़ बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपित के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपित को रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी सरकंडा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक विदेशीराम साहू, शैलेन्द्र सिंह, आरक्षक रंतिज खांडे, वीरेन्द्र साहू, विवेक राय और संजीव जांगड़े की विशेष भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- जमीन रजिस्ट्री का महाधोखा: 1.90 करोड़ के 4 फर्जी चेक देकर हथिया ली बिलासपुर व्यापार विहार की कीमती जमीन
अवैध हथियार लेकर घूमने वालों पर पुलिस सख्त
सरकंडा क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने अवैध हथियार लेकर सार्वजनिक स्थानों पर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कुछ असामाजिक तत्व राहगीरों, महिलाओं और बच्चों को डराने के लिए खुलेआम धारदार हथियार लेकर घूम रहे थे। इसे गंभीरता से लेते हुए थाना सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तलवार और चापड़ जब्त किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि या हथियार लेकर घूमने वाले लोग दिखाई दें तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।