बिलासपुर में फॉरेस्ट गार्ड के सरकारी आवास में छलके जाम, चिकन-मटन बनाते दिखे डिप्टी रेंजर; वीडियो वायरल
सीपत वन परिक्षेत्र के वनपाल के सरकारी आवास में शराब व मटन पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद सीसीएफ ने एसडीओ को जांच के निर्देश दिए हैं।
Publish Date: Wed, 11 Nov 2026 04:37:51 PM (IST)Updated Date: Wed, 11 Nov 2026 04:37:51 PM (IST)
सीपत वन परिक्षेत्र का सरकारी परिसरHighLights
- सरकारी परिसर में युवकों संग पार्टी का वीडियो वायरल।
- कमरे को प्राइवेट बताकर उलझते दिखे डिप्टी रेंजर।
- सीसीएफ ने एसडीओ को जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: जंगल और वन संपदा की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले वन विभाग के एक सर्किल फारेस्ट आफिसर (वनपाल) का सरकारी निवास ही शराब पार्टी का ठिकाना बन गया। सीपत वन परिक्षेत्र के वनपाल लक्ष्मीकांत गढ़ेवाल का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इसमें वे सरकारी निवास के किचन में चिकन-मटन बनाते नजर आ रहे हैं। वहीं, उनके साथ करीब 10 से 15 युवक भी मौजूद हैं। वीडियो में कुछ लोग शराब पीते बैठे नजर आ रहे हैं।
सरकारी निवास में इस तरह की पार्टी आयोजित करने को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। दीपावली के दूसरे दिन सोमवार को सामने आए इस वीडियो ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में जिस स्थान पर पार्टी चलती दिखाई दे रही है, वहां वन परिक्षेत्र बिलासपुर, सीपत का बोर्ड भी नजर आ रहा है। यह सरकारी परिसर में स्थित निवास है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सरकारी आवास में बाहरी युवकों को एकत्र कर इस तरह की महफिल किसकी अनुमति से सजाई गई।
सरकारी निवास का उपयोग निजी पार्टी के लिए किए जाने को लेकर भी विभागीय नियमों के पालन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वीडियो में जब डिप्टी रेंजर लक्ष्मीकांत गढ़ेवाल से वहां चल रही गतिविधियों को लेकर सवाल किया जाता है तो वे उलटे सवाल पूछने वाले व्यक्ति से ही अनुमति लेकर अंदर आने की बात पूछते हैं। इस दौरान वे संबंधित कमरे को अपना प्राइवेटरूम बताते हुए भी सुनाई देते हैं। उनका यह जवाब भी चर्चा में है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में मेडिकल स्टूडेंट का कार में अपहरण: स्कूल के पुराने विवाद पर घंटेभर की पिटाई
सवाल यह है कि सरकारी परिसर में स्थित कमरे को निजी बताकर वहां होने वाली गतिविधियों की जिम्मेदारी से कैसे बचा जा सकता है।
सीसीएफ ने एसडीओ को दिए जांच के निर्देश
वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच गया है। बिलासपुर वनवृत्त के सीसीएफ मनोज कुमार पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एसडीओ को जांच के निर्देश दिए हैं। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि वीडियो में दिखाई दे रहा स्थान सरकारी निवास है या कार्यालय परिसर का हिस्सा, वहां पार्टी आयोजित हुई थी या नहीं और इसमें विभागीय नियमों का उल्लंघन किया गया है या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
वर्जन
वीडियो प्रसारित होने के बाद मामले की जांच का निर्देश दिए गए हैं। यह जांच बिलासपुर वनमंडल के एसडीओ करेंगे। उन्हें जल्द जांच रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मनोज कुमार पांडेय, सीसीएफ, बिलासपुर वनवृत्त