दुर्ग में जानलेवा बनी पिकनिक, खारून नदी में नहाते वक्त बहा युवक, 16 घंटे बाद मिली लाश
दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम जमराव स्थित खारून नदी में पिकनिक मनाने गए दोस्तों के साथ एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने के दौरान तेज बहाव...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 27 Jul 2026 12:35:39 PM (IST)Updated Date: Mon, 27 Jul 2026 12:36:53 PM (IST)
तलाशी अभियान चलाते एसडीआरएफ के जवान। - एसडीआरएफHighLights
- पिकनिक मनाने गए दोस्तों के साथ हुआ हादसा
- खारून नदी के तेज बहाव में बहा युवक
- 16 घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव
नईदुनिया प्रतिनिधि, दुर्ग। थाना अमलेश्वर क्षेत्र के ग्राम जमराव स्थित खारून नदी में पिकनिक मनाने पहुंचे 12 दोस्तों में शामिल एक युवक नहाने के दौरान तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ दुर्ग संभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 16 घंटे की मशक्कत के बाद सोमवार सुबह युवक का शव बरामद कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
मृतक का नाम टोमेश ध्रुव है। वह रायपुर के देवपुरी स्थित कमल विहार का निवासी था। 26 जुलाई की शाम करीब 5.30 बजे ग्राम जमराव स्थित खारून नदी में पिकनिक मनाने गया था। उसके साथ 12 दोस्त भी थी। नहाने के दौरान नदी के तेज बहाव में बह गया।
16 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना कंट्रोल रूम दुर्ग से मिलने के बाद जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रात अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। इसके बाद 27 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे एसडीआरएफ टीम दोबारा घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
गोताखोरों को मिली सफलता
तेज बहाव के बीच एसडीआरएफ के डीप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने नदी में उतरकर तलाश अभियान चलाया। करीब सुबह 9.05 बजे टीम को सफलता मिली और युवक का शव बरामद कर लिया गया। शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। रेस्क्यू अभियान में टीम प्रभारी ईश्वर खरे के नेतृत्व में जवान चंद्रप्रताप, राजकुमार यादव, हबीब खान, राजू महानंद, आशीष, गोपी, थानेश्वर, चंद्रप्रकाश और भानुप्रताप शामिल रहे।