दशकों के माओवादी नासूर से आगे बढ़कर बस्तर बनेगा देश का सबसे विकसित संभाग, होगा एक लाख करोड़ का निवेश
बस्तर बनेगा देश का सबसे विकसित संभाग, होगा एक लाख करोड़ का निवेश ...और पढ़ें
By Paritosh DubeyEdited By: Paritosh Dubey
Publish Date: Mon, 15 Jun 2026 02:36:19 PM (IST)Updated Date: Mon, 15 Jun 2026 02:36:19 PM (IST)
भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, साथ में मंत्री केदार कश्यप, सांसद बस्तर महेश कश्यप, विधायक विनायक गोयल व अन्य भाजपा नेता। नईदुनिया नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य बस्तर को देश का सबसे विकसित जनजातीय संभाग बनाना है। इसके लिए आगामी वर्षों में क्षेत्र में लगभग एक लाख करोड़ रुपये का निवेश करने का भरोसा बस्तर प्रवास के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दे चुके हैं।
60 साल की माओवादी समस्या का अंत
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुरक्षा और आत्मविश्वास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। अब उनकी इस प्राथमिकता में बस्तर भी शामिल हैं। 60 साल से माओवादी समस्या से जूझते बस्तर समेत पूरे देश से माओवादी हिंसा का अंत कर दिया गया है और अब देश के बाकी हिस्सों से विकास की दौड़ में पिछड़े बस्तर को मुख्यधारा में लाना हमारा लक्ष्य है।
आदिवासियों का विकास प्राथमिकता
जनजातीय क्षेत्रों पर विशेष फोकस का उल्लेख करते हुए किरण देव ने कहा कि आदिवासी समाज के कल्याण के लिए केंद्र सरकार ने 15 हजार करोड़ रुपये का बजट तथा ‘धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के लिए 79 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर में सड़क, रेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और उद्योग के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश की तैयारी है, जिससे रोजगार और विकास के नए अवसर पैदा होंगे। मीडिया संवाद में मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, विधायक विनायक गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।