
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर। हैदराबाद से मेहनत की कमाई लेकर लौट रहे एक मजदूर से 21,300 रुपये और आधार कार्ड लूटने के मामले में बोधघाट पुलिस ने 20 वर्षीय आरोपित मुकेश ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित से खर्च की गई राशि के बाद बचे 17 हजार रुपये, आधार कार्ड और पर्स बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार मारडूम निवासी सुखराम मड़ावी दो महीने हैदराबाद में मजदूरी कर घर लौट रहा था। नया बस स्टैंड के पास वह अपने दोस्त के साथ खड़ा था, तभी आरोपित वहां पहुंचा और खुद को इलाके का दादा बताते हुए जेब में रखे पैसे मांगने लगा। विरोध करने पर उसने दोनों युवकों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर पर्स सहित 21,300 रुपये लूट लिए।
पीड़ित की शिकायत पर बोधघाट थाना में लूट का मामला दर्ज किया गया। आरोपित घटना के बाद फरार हो गया था। प्रशिक्षु डीएसपी सुमित चंद्रा के नेतृत्व में गठित टीम और ब्लैक पैंथर दस्ते ने तलाश के दौरान आरोपित को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।