
शिवरीनारायण। नगर के मेला ग्राउंड में इस वर्ष पश्चिम बंगाल के मायापुर स्थित इस्कॉन टेंपल की तर्ज पर बन रहे 90 फीट ऊँचे पंडाल पर 35 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा विराजमान होंगी। 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र की शुरूआत होगी। नगर में दुर्गा उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। नगर में इस वर्ष भी बड़ा और भव्य दुर्गा उत्सव का आयोजन होने जा रहा है। 90 फीट ऊंचे, 120 फीट चौड़े व 200 फीट गहरे पंडाल में 35 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा विराजमान होगी।
भव्य प्रवेश द्वार, मां अम्बे की मनमोहक प्रतिमा के साथ की गई आकर्षक लाइटिंग देखते ही बनेगी। श्री दुर्गा पूजा उत्सव शिवरीनारायण द्वारा दुर्गा उत्सव की तैयारियां जोर शोर से चल रही है। श्री दुर्गा पूजा उत्सव शिवरीनारायण के अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा व नितेश केशरवानी ने बताया 90 फीट ऊंचा भव्य प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है। 200 फीट लंबा व 120 फीट चौड़ा भव्य पंडाल तैयार कर लिया गया है।
मेला ग्राउंड में तैयार हो रहा पंडाल.

जिसमें 35 फीट की मां अम्बे की प्रतिमा के विराजित होगी। माँ अम्बे की प्रतिमा के दोनों ऒर 10~10 फीट के सिंह होंगे। पूजा स्थल पर माँ दुर्गा की 8 फीट की प्रतिमा के साथ भगवान श्री गणेश, भगवान कार्तिकेय, माता लक्ष्मी व माता सरस्वती जी की 6~6 फीट की प्रतिमा भी विराजमान होंगी। उन्होंने बताया कारीगरों द्वारा डोम पंडाल तैयार कर लिया गया है।
बंगाल के कारीगर भव्य प्रवेश द्वार बना रहे हैं। पंडाल के अंदर व प्रवेश द्वार में कारीगरों द्वारा आकर्षक लाइटिंग भी की जाएगी। साथ ही भटगांव के मूर्तिकार एक महीने पहले से ही मूर्ति बनाने में जुट गए हैं। पंडाल के अंदर सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था भी की जाएगी। फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी की जा रही है। नगर के नटराज चौक व बस स्टैंड के सामने प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। मेला ग्राउंड व बिलासपुर रोड सहित अन्य जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
भँटगांव पवनी के मूर्तिकार एक महीने पहले से ही मूर्तियों को आकार देने में जुट गए हैं। मूर्तिकार अनिल आदित्य अपने भाई सुनील आदित्य व अपने साथियों लव, सोनू, जितेंद्र, नेतराम, नरेन्द्र, दिलचंद, विशाल व भीष्मा के साथ प्रतिमाओं को मूर्त रूप देने में जुटे हुए है। उनके द्वारा मां दुर्गा की 35 फीट की प्रतिमा बनाई जा रही है। माँ दुर्गा की प्रतिमा के दोनों ऒर 10~10 फीट के सिंह भी बनाए जा रहें हैं। मूर्तियों में मिट्टी का काम अब लगभग पूरा हो गया है। उनके द्वारा मूर्तियों को रंग रोंगन व साज सज्जा का काम अब शुरू कर दिया गया है।
श्री दुर्गा पूजा उत्सव समिति द्वारा नगर में भव्य दुर्गा उत्सव की शुरुआत तीन साल पहले की गईं थी। आयोजन का यह चौथा वर्ष है। नगर में प्रति वर्ष एक नए थीम पर दुर्गा उत्सव का आयोजन किया जाता है। इसके पूर्व 2023 में बाहुबली के माहिष्मती महल, 2024 में वृन्दावन के प्रेम मंदिर व 2025 में दिल्ली के अक्षर धाम मंदिर में माँ अम्बे की प्रतिमा को विराजमान किया गया था। इस वर्ष पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के मायापुर में स्थित इस्कॉन मंदिर की थीम पर पंडाल बनाया जा रहा है।
नगर के मेला ग्राउंड में भव्य दुर्गा उत्सव के साथ ही 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक 10 दिवसीय नवरात्रि दशहरा मेला का भी आयोजन किया जाएगा। नगर पंचायत ने मेले के आयोजन की तैयारी शुरु कर दी है। नगर पंचायत द्वारा दुकानदारों से आवेदन लेकर जगह का आबंटन किया जा रहा है। मेले में विभिन्न दुकानों के साथ अनेक झूले, मीना बाजार, टुरिंग टाकीज व अन्य मनोरंजन के साधन लगाए जाएगें। प्रतिदिन शाम 7 बजे चौपाटी के पास महानदी महाआरती का भी आयोजन होगा। 20 अक्टूबर को भव्य दशहरा उत्सव मनाया जाएगा।
नवरात्रि दशहरा मेले के साथ ही नगर में 3 दिवसीय शिवरीनारायण महोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत ने बताया महोत्सव की शुरुआत 14 अक्टूबर व समापन 16 अक्टूबर को होगी। शिवरीनारायण महोत्सव आयोजन समिति द्वारा महोत्सव के आयोजन की तैयारियां की जा रहीं हैं। शिवरीनारायण महोत्सव का आयोजन हमेशा नगर के ऐतिहासिक माघी मेले में की जाती है। लेकिन इस वर्ष माघी मेले की जगह नवरात्रि दशहरा मेले में महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।