
नईदुनिया न्यूज, अकलतरा : नहर किनारे अपने दोस्त के साथ बैठी युवती से छेड़छाड़, मारपीट और मोबाइल लूट की वारदात का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल तथा वीडियो बनाने में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन सहित कुल तीन मोबाइल जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता अपने एक मित्र के साथ अकलतरा क्षेत्र स्थित नहर के पास बैठकर बातचीत कर रही थी। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और दोनों का मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए युवती और उसके मित्र के साथ मारपीट की। इसके बाद युवती की बेइज्जती करने की नीयत से छेड़छाड़ की और उसका मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए।
पीड़िता की शिकायत पर थाना अकलतरा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम खटोला निवासी आरोपित बीरू धीवर (30 वर्ष) एवं ओमकिशन उर्फ ओमी धीवर (20 वर्ष), दोनों आरोपितों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपिताें ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपितों के पास से, लूटा गया मोबाइल फोन तथा वीडियो बनाने में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में मोबाइल पर एपीके फाइल भेजकर 77 हजार की ठगी: रेलवे के रिटायर्ड कर्मचारी बने साइबर ठगों का
यह भी पढ़ें
छेड़छाड़ के मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार
अकलतरा : छेड़छाड़ के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार करने में अकलतरा पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 23 दिसंबर 2025 को आरोपित संजय कुमार यादव (42 वर्ष) निवासी जयरामनगर (खैरा), थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर, हाल मुकाम थाना रोड अकलतरा ने पीड़िता के साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ की थी। इतना ही नहीं, घटना की जानकारी किसी को देने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पीड़िता की रिपोर्ट पर अकलतरा थाना में आरोपित के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने फरार आरोपित की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया। हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।