हैदराबाद से लौटते ही एक्शन में जांजगीर एसपी पांडेय,करही गोलीकांड के आरोपियों के लिए शुरू हुआ ऑपरेशन हंट
जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में हुए बहुचर्चित और सनसनीखेज गोलीकांड मामले में पुलिस कप्तान विजय कुमार पांडेय ने खुद कमान सं ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 18 May 2026 12:52:52 PM (IST)Updated Date: Mon, 18 May 2026 12:52:52 PM (IST)
स्वजन से घटना के संबंध में जानकारी लेते एसपी पांडेयHighLights
- घटना के 23 दिन बाद भी कातिल फरार
- कांग्रेस का एसपी ऑफिस घेराव का अल्टीमेटम
- आपरेशन हंट के लिए कई टीमें रवाना
नईदुनिया न्यूज, जांजगीर-चांपा : जिले के बिर्रा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में हुए सनसनीखेज गोलीकांड मामले में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। राष्ट्रीय पुलिस अकादमी हैदराबाद से छह सप्ताह का आईपीएस इंडक्शन प्रशिक्षण पूरी कर लौटते ही एसपी सीधे ग्राम करही पहुंचे और घटना क्रम की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार रविवार को रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद एसपी पांडेय बिना समय गंवाए ग्राम करही रवाना हुए। वहां पहुंचकर उन्होंने गोलीकांड स्थल का बारिकी से निरीक्षण किया तथा बिर्रा थाना प्रभारी और साइबर टीम से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मृतक के स्वजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान “आपरेशन हंट” शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देने रवाना की गई हैं। पुलिस संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी और घेराबंदी कर रही है। निरीक्षण के दौरान एसपी उमेश कुमार कश्यप, साइबर थाना प्रभारी सागर पाठक तथा बिर्रा थाना प्रभारी जयकुमार साहू सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे।
दरअसल, 23-24 अप्रैल की रात नकाबपोश बदमाशों ने कांग्रेस नेता सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसकर उनके बेटे आयुष की गोली मारकर हत्या कर दी थी और दूसरे बेटे को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वारदात के 23 दिन बाद भी आरोपियों के पकड़े न जाने से क्षेत्र में भारी आक्रोश है। इस मामले को लेकर राजनीति भी गरमा गई है और कांग्रेस ने 20 मई को एसपी कार्यालय घेराव का अल्टीमेटम दिया है, जिसके बाद पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।
अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ कार्रवाई कर रही है और जल्द ही सभी आरोपित सलाखों के पीछे होंगे। विजय कुमार पांडेय एसपी, जांजगीर चांपा