नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवरीनारायण : नगर पंचायत शिवरीनारायण के वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद रेखा बाई कश्यप के परिवार पर शासकीय भूमि पर कथित कब्जे और भूमिहीन योजना के तहत पात्रता को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं।
न गर के युवा गौरव केशरवानी ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर भूमि आवंटन, अतिरिक्त जमीन पर कथित कब्जे और परिवार के सदस्यों की ओर से प्रस्तुत शपथपत्रों की जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने आरोप प्रमाणित होने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ पार्षद को पद से हटाने की मांग भी की है। मामले में तहसीलदार शिवरीनारायण लोमस कुमार मीरी ने जांच कर उचित कार्रवाई करने की बात कही है।
आवंटित भूखंड से अतिरिक्त जमीन घेरने का आरोप
शिकायत के अनुसार, भोगहापारा स्थित पटवारी हल्का नंबर आठ की शासकीय भूमि खसरा नंबर 723/1क को लेकर राजस्व निरीक्षक शिवरीनारायण की सात जून 2022 की जांच रिपोर्ट का हवाला दिया गया है।
शिकायतकर्ता का दावा है कि रिपोर्ट में आवंटित भूखंड के उत्तर दिशा में करीब 1900 वर्गफीट भूमि को बाउंड्रीवाल से घेरने और पश्चिम दिशा में लगभग 3120 वर्गफीट भूमि पर लकड़ी रखकर फर्नीचर का काम किए जाने का उल्लेख है।
अभिलेखों का मिलान कर भूमि की स्थिति की करें जांच
ज्ञापन में कहा गया है कि राजीव गांधी आश्रय योजना के तहत वर्ष 2019 में परमानंद कश्यप और रेखा बाई कश्यप के नाम पर 1000-1000 वर्गफीट के भूखंड आवंटित किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में आवंटित भूमि की सीमाओं, अतिरिक्त निर्माण और कथित कब्जे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता ने राजस्व विभाग और नगर पंचायत के अभिलेखों का मिलान कर भूमि की वैधानिक स्थिति की जांच कराने पर जोर दिया है।
पति और दोनों बेटों के शपथपत्रों पर भी सवाल
शिकायत में पार्षद के पति परमानंद कश्यप और उनके दोनों पुत्रों ललित कश्यप तथा आशीष कश्यप की भूमिहीन योजना के तहत पात्रता पर भी सवाल उठाए गए हैं। ज्ञापन के अनुसार, तीनों ने 10 अगस्त 2026 को नोटरी के समक्ष शपथपत्र निष्पादित कराए हैं। शिकायतकर्ता ने परिवार के सदस्यों के नाम पर भूमि आवंटन और भवन से संबंधित अभिलेख होने का हवाला देते हुए इन शपथपत्रों की सत्यता और योजना के निर्धारित नियमों के अनुसार पात्रता की जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बिजली कनेक्शन और नगर पंचायत में कर भुगतान से संबंधित अभिलेखों का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन कर यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि परिवार के सदस्य भूमिहीन योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित शर्तों को पूरा करते हैं या नहीं।
सत्तापक्ष के प्रभाव का इस्तेमाल करने का भी आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पार्षद के परिवार की राजनीतिक पहुंच और सत्तापक्ष से जुड़े प्रभाव का इस्तेमाल कर शासकीय भूमि पर कब्जे की कोशिश की गई। पार्षद रेखा बाई कश्यप के बड़े पुत्र ललित कश्यप के भाजयुमो के जिला महामंत्री होने का उल्लेख करते हुए शिकायतकर्ता ने राजनीतिक प्रभाव की भूमिका की जांच की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पार्षद के नाम पर भी है सरकारी पट्टा
शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि पार्षद के नाम पर सरकारी पट्टा जारी होने के बावजूद उनके पति और दोनों पुत्रों ने अपने नाम पर पट्टा प्राप्त करने के लिए तहसील में आवेदन दिए हैं। शिकायतकर्ता ने इन आवेदनों, परिवार की संपत्ति और भूमि आवंटन से संबंधित अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है।
अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका की जांच की मांग
कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में राजस्व विभाग, नगर पंचायत और विद्युत विभाग के अभिलेखों की जांच कराने की मांग की गई है। इसमें पट्टा आवंटन, भवन निर्माण की अनुमति, कर भुगतान, बिजली कनेक्शन और भूमि पर वास्तविक कब्जे की स्थिति का परीक्षण शामिल है।
शिकायतकर्ता ने कहा है कि यदि जांच में अनियमितता प्रमाणित होती है तो संबंधित व्यक्तियों के साथ जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही नगर पालिका अधिनियम के प्रवधानों के तहत पार्षद की पद पर बने रहने की पात्रता की जांच कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है।
वर्जन
मामला संज्ञान में आया है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
लोमस कुमार मीरी तहसीलदार, शिवरीनारायण