पत्नी की मौत और बीमारी से परेशान था आरोपित, भगवान को माना जिम्मेदार, नशे में तोड़ी मूर्ति
जांजगीर जिले के नरियरा में अपनी पूर्व पत्नी की मृत्यु और बीमारी से नाराज युवक ने शराब के नशे में बजरंगबली की मूर्ति तोड़ दी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। (
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 10:25:38 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 10:25:38 PM (IST)
बजरंगबली की मूर्ति तोड़ने वाला आरोपितHighLights
- पत्नी की मृत्यु और बीमारी से नाराज होकर तोड़ी मूर्ति।
- सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के बाद हुई पहचान।
- मुलमुला पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जांजगीर : ग्राम नरियरा में बजरंगबली की मूर्ति तोड़े जाने की घटना में मुलमुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपित अपनी पूर्व पत्नी की मृत्यु और स्वयं की शारीरिक बीमारी से परेशान था। वह इन परिस्थितियों के लिए भगवान बजरंगबली को जिम्मेदार मानने लगा था। इसी नाराजगी में उसने शराब के नशे में मूर्ति तोड़ने की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 10 नवंबर को ग्राम नरियरा में बजरंगबली की मूर्ति तोड़े जाने की घटना सामने आई थी। धार्मिक आस्था से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में मुलमुला पुलिस ने जांच शुरू की।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की गई। जांच के आधार पर पुलिस ने छोटू निर्मलकर (28 वर्ष), निवासी नरियरा की पहचान की।
यह भी पढ़ें- सावधान युवा: बिलासपुर के कालेज-विवि में दाखिला कहीं सालों की मेहनत पर न फेर दे पानी
पूछताछ में बताई नाराजगी की वजह
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह पहले भगवान बजरंगबली का भक्त था, लेकिन पूर्व पत्नी की मृत्यु और खुद की शारीरिक बीमारी से परेशान होकर भगवान से नाराज रहने लगा था। वह अपनी परेशानियों के लिए बजरंगबली को जिम्मेदार मानने लगा था। इसी नाराजगी के चलते शराब के नशे में उसने मूर्ति तोड़ दी।
आरोपित द्वारा घटना स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई में मुलमुला थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।