करोड़ों की नल-जल योजना बनी शोपीस, 2 साल बाद भी नलों में नहीं आया पानी
जांजगीर-चांपा के बम्हनीडीह ब्लॉक के सिलादेही गांव में हर घर नल-जल योजना दो साल बाद भी अधूरी है। करोड़ों से पानी टंकी तो बनी, लेकिन पाइपलाइन अधूरी होने...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 11 Oct 2026 10:05:26 PM (IST)Updated Date: Sun, 11 Oct 2026 10:05:26 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- सिलादेही में करोड़ों की नल-जल योजना शोपीस बनकर रह गई।
- दो साल बाद भी घरों तक नहीं पहुंचा नल का पानी।
- काम अधूरा होने से पंचायत ने नहीं लिया हैंडओवर।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जांजगीर-चांपा : बम्हनीडीह विकासखंड के ग्राम पंचायत सिलादेही में हर घर नल-जल योजना की जमीनी हकीकत सरकारी दावों पर सवाल खड़े कर रही है। पानी की समस्या दूर करने के उद्देश्य से बनाई गई पानी टंकी दो साल से अधिक समय बाद भी ग्रामीणों के काम नहीं आ रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि करोड़ों रुपये की लागत से शुरू की गई योजना में पाइपलाइन बिछाने से लेकर घरों तक पानी पहुंचाने तक का काम अधूरा है। ऐसे में ग्रामीणों को घरों में नल से पानी मिलने का इंतजार है।
गांव में पानी टंकी का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं होने से इसका लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, पाइपलाइन का काम अधूरा होने के कारण घरों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था पूरी नहीं हो सकी है।
योजना शुरू होने के समय लोगों को उम्मीद थी कि अब पेयजल के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, लेकिन लंबे समय बाद भी स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं आया है।
यह भी पढ़ें- कोरबा के आरक्षक की संदिग्ध मौत, पत्थलगांव में पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव, महकमे में शोक
गर्मी में बढ़ जाती है पेयजल की परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के दिनों में तालाबों का जलस्तर घटने और भूजल नीचे जाने से पेयजल संकट गहराने लगता है। हैंडपंप और बोरवेल पर निर्भर ग्रामीणों को पानी के लिए परेशान होना पड़ता है। ऐसी स्थिति में नल-जल योजना राहत दे सकती थी, लेकिन अधूरे निर्माण के कारण इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में योजना के क्रियान्वयन, निर्माण की गुणवत्ता और कार्यों की निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित विभाग अधूरे कार्यों की स्थिति स्पष्ट करे और जलापूर्ति शुरू करने के लिए समयसीमा तय करे।
जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से योजना के निर्माण और क्रियान्वयन की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि योजना पर खर्च की गई राशि के बावजूद घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है, तो इसके कारणों की पड़ताल होनी चाहिए। ग्रामीणों ने अधूरे कार्य जल्द पूरे कर नियमित जलापूर्ति शुरू करने तथा लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर उच्च अधिकारियों से शिकायत की जाएगी।
सरपंच संतोषी पटेल
वर्जन
नल-जल योजना का काम पूरी तरह पूरा नहीं हुआ है। गांव के सभी घरों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हो पाई है। इसी वजह से पंचायत ने अब तक योजना का हैंडओवर नहीं लिया है। संबंधित एजेंसी को अधूरे कार्य पूरे करने के लिए कहा गया है।
संतोषी पटेल सरपंच, ग्राम पंचायत सिलादेही