जांजगीर-चांपा में शादी में मामूली सी बात पर जमकर चले लाठी-डंडे-बेल्टें, एक की आंख फूटी, पांच घायल; वीडियो वायरल
जांजगीर-चांपा के पोना गांव में शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 19 Apr 2026 01:26:53 PM (IST)Updated Date: Sun, 19 Apr 2026 01:26:53 PM (IST)
मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, बारातियों पर लाठी-डंडों से हमलाHighLights
- हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
- पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू
- दूल्हे और उसके पिता के साथ भी की गई मारपीट
नईदुनिया न्यूज, जांजगीर-चांपा: जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोना में गुरुवार रात एक शादी समारोह के दौरान अचानक हिंसा भड़क उठी। मामूली विवाद ने देखते ही देखते गंभीर रूप ले लिया और बारातियों पर हमला कर दिया गया। इस घटना में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मामूली विवाद बना हिंसक झड़प
जानकारी के अनुसार 16 अप्रैल को खोखरा गांव से बारात पोना गांव निवासी पुरुषोत्तम यादव के घर पहुंची थी। शादी की रस्में शुरू होने से पहले ही स्थानीय युवकों और बारातियों के बीच किसी छोटी बात को लेकर कहासुनी हो गई। यह विवाद कुछ ही देर में बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गया।
लाठी-डंडों और बेल्ट से हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव के कुछ युवक अचानक एकजुट होकर बारातियों पर टूट पड़े। उन्होंने लाठी-डंडों, बेल्ट और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने दूल्हे और उसके पिता को भी नहीं बख्शा। अचानक हुए हमले से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पांच घायल, एक की आंख गंभीर रूप से जख्मी
इस हमले में लोकेश यादव, मानमदर यादव, देवेंद्र यादव, अभिषेक साहू और देवराज वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से लोकेश यादव की आंख बुरी तरह घायल हो गई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल जांजगीर में जारी है।
घटना का वीडियो वायरल
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
पुलिस कार्रवाई और गांव में तनाव
मुलमुला थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।