
नईदुनिया न्यूज, जांजगीर: जिले के सिवनी–सुखरीकला मार्ग पर स्थित जमड़ी नाला का पुल लगातार वर्षा के कारण जलमग्न हो गया है। पुल के ऊपर करीब पांच फीट पानी बह रहा है, इसके बावजूद लोग अपनी जान जोखिम में डालकर दोपहिया और चारपहिया वाहनों से आवागमन कर रहे हैं। प्रशासन और पुलिस द्वारा चेतावनी दिए जाने के बाद भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सिवनी क्षेत्र के बालपुर, बहेराडीह, सुखरीकला, सुखरीखुर्द, सिधरामपुर, बघोदा, देवरी, अमरुआ और जाटा सहित कई गांवों के लोगों के लिए यही मुख्य संपर्क मार्ग है। लगातार वर्षा होने पर पुल के ऊपर पांच फीट तक पानी बहने लगता है, जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो जाता है और ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित होता है।
ट्रांसफार्मर के कारण करंट फैलने का खतरा
जमड़ी नाला पुल के पास ही बिजली का ट्रांसफार्मर और खंभा स्थित है। जलस्तर लगातार बढ़ने से बिजली के तार बाढ़ के पानी के संपर्क में आने की आशंका बनी हुई है। यदि ऐसा हुआ तो पानी में करंट फैल सकता है, जिससे बड़ी जनहानि होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से तत्काल सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
लाल झंडा लगाकर किया सावधान, फिर भी नहीं रुक रहे वाहन
संभावित खतरे को देखते हुए पुलिस ने पुल के दोनों ओर लाल झंडा लगाकर आवागमन पर रोक लगाने की चेतावनी दी है। इसके बावजूद लोग चेतावनी को नजरअंदाज कर पुल पार कर रहे हैं।
पिछले वर्ष बह गया था एक बाइक चालक
पिछले वर्ष भी इसी पुल पर तेज बहाव में एक बाइक चालक बह गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बचाया गया था। इसके बावजूद लोग सबक लेने को तैयार नहीं हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पानी उतरने तक पुल पार करने का प्रयास न करें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।