दो दिन पहले बिलासपुर जाने निकला था युवक; कोटमीसोनार में नहर किनारे मिली लाश
जांजगीर-चांपा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कोटमीसोनार क्रोकोडाइल पार्क के पीछे नहर किनारे एक युवक की संदिग्ध लाश मिलने से हड़कंप मच गया। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 24 May 2026 02:22:28 PM (IST)Updated Date: Sun, 24 May 2026 02:22:28 PM (IST)
मौके पर पहुंची पुलिस और लोगों की भीड़HighLights
- तेज गर्मी व अधिक शराब सेवन से युवक की मौत की आशंका
- युवक के पास मिले थैले से करीब पांच लीटर महुआ शराब
- मृतक की पहचान ग्राम ठडगा बहरा निवासी के रूप में हुई है।
नईदुनिया न्यूज, कोटमीसोनार : जिले के ग्राम कोटमीसोनार स्थित क्रोकोडायल पार्क के पीछे नहर किनारे एक युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ठडगा बहरा निवासी 35 वर्षीय लक्ष्मी नारायण ओगरे के रूप में हुई है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी और अधिक शराब सेवन के कारण उसकी मौत हुई होगी। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने कोटमीसोनार पुलिस सहायता केंद्र को नहर किनारे एक व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान युवक की पहचान लक्ष्मी नारायण ओगरे निवासी ठडगा बहरा के रूप में हुई, जिसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
मृतक की मां ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को बताया कि लक्ष्मी नारायण दो दिन पहले बिलासपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। मृतक रोजी-मजदूरी का कार्य करता था तथा उसके दो छोटे बच्चे हैं।
थैले से मिला पांच लीटर महुआ शराब
युवक के पास मिले थैले से करीब पांच लीटर महुआ शराब भी बरामद हुई है, जिससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि अधिक शराब सेवन और तेज धूप के चलते उसकी तबीयत बिगड़ी होगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चौकी प्रभारी प्रतिभा राठौर का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।