
नईदुनिया प्रतिनिधि, जशपुरनगर। जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के लोढ़ेनापाठ में चार साल के बच्चे की हत्या कर उसके शरीर से आंखें और अंदरूनी अंग निकालने के आरोप में पुलिस ने बासुदेव उर्फ टेंगनू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पांचवीं तक पढ़े आरोपित ने एआई और इंटरनेट मीडिया पर करीब दो साल तक जल्दी अमीर बनने के तरीके पूछे। इसके बाद उसने मानव अंगों का कारोबार कर पैसा कमाने का इरादा किया।
एसएसपी डॉक्टर लाल उमेद सिंह ने बताया कि लोढ़ेनापाठ निवासी रामजीत राम (36) ने शनिवार, 7 नवंबर को अपने चार साल के बेटे जितेंद्र के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रामजीत के अनुसार, 5 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे उसका ममेरा भाई बासुदेव उसके घर आया और उसे शराब पिलाने के लिए बस स्टैंड ले गया।
घर लौटने पर रामजीत को जितेंद्र नहीं मिला। उसने गांव और खेतों में तलाश की, लेकिन बच्चे का पता नहीं चला। अगली सुबह तलाश के दौरान गांव के एक खेत के गड्ढे में कंबल और गोदरी में लिपटा जितेंद्र का शव मिला।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो शव से दोनों आंखें और अंदरूनी अंग गायब थे। बीएनएस की धारा 137 (1) (बी), 103 (1) और 238 (ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में एक ग्रामीण ने बताया कि उसने जितेंद्र को बासुदेव के साथ जंगल की ओर जाते देखा था। पुलिस ने आरोपी को जंगल के पास खेत में बनी झोपड़ी में सोते हुए पकड़ा। पूछताछ में उसने वारदात की जानकारी दी।
एआई से अंग निकालने का तरीका पूछने का दावा
पुलिस के मुताबिक, बासुदेव चलनी गांव में खेतों में मजदूरी करता था और अपनी आमदनी से संतुष्ट नहीं था। वह महंगी बाइक और अन्य सामान खरीदने के लिए जल्दी पैसा कमाना चाहता था। उसके पास मोबाइल फोन था और वह दो साल तक एआई तथा अन्य इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर कम समय में अधिक रुपये कमाने के बारे में पूछता रहा।
पुलिस का कहना है कि उसने मानव अंगों के कारोबार से पैसा कमाने का फैसला किया और अंग निकालने के तरीके की जानकारी जुटाई।
यह भी पढ़ें- IND vs NZ: हेमिल्टन वनडे में शुभमन गिल रचेंगे इतिहास!, कोहली, रोहित और धवन छूट जाएंगे पीछे
पहले शराब पिलाई, फिर हत्या की
एसएसपी के अनुसार, 5 नवंबर को रामजीत को शराब पिलाने के बाद लौटते समय बासुदेव को जितेंद्र मिला। वह बच्चे को बहला-फुसलाकर गुलाम अंसारी के खेत के पास ले गया। इसके बाद घुमाने के बहाने खुंटाटांगर ले जाकर उसे मुर्गा खिलाया और शराब पिलाई।
नशे में सो जाने पर उसने जितेंद्र की गला रेतकर हत्या कर दी। फिर दोनों आंखें निकालने के बाद पेट और सीना चीरकर दोनों किडनी और फेफड़े निकालकर बाल्टी में रखे।
दिल्ली से खरीदार आने का इंतजार
पुलिस के अनुसार, आरोपी को उम्मीद थी कि दिल्ली से कोई व्यक्ति आकर अंग खरीदेगा। दो दिन तक कोई नहीं आया तो उसने अंगों को बांस के झाड़ के पास गड्ढा खोदकर दबा दिया।
वह इंटरनेट मीडिया पर हुई चैटिंग को दिल्ली में बैठे किसी व्यक्ति से बातचीत समझ रहा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चाकू, फावड़ा, निकाले गए अंग और मोबाइल जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पांच साल के मासूम की हत्या और शव से अंग निकालने का मामला निंदनीय है। मामले में डीएनए और मोबाइल की जांच सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जल्द चार्जशीट न्यायालय में पेश की जाएगी। पुलिस ने कहा कि वह आरोपी को कठोरतम सजा दिलाने का प्रयास करेगी। डॉक्टर लाल उमेद सिंह, एसएसपी, जशपुर
यह भी पढ़ें- IND vs NZ: दूसरे मैच में विराट कोहली के ऊपर फैंस ने फेंका बैट, गुस्से से तिलमिलाए 'किंग'; हाथ से किया इशारा