
नईदुनिया न्यूज,जशपुरनगरः एक दिन में 2 लाख सीड बाल जंगल में प्रसारित कर जशपुर ने गोल्डन बुक आफ वल्र्ड रिकार्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया है। गोल्डन बुक आफ वल्र्ड रिकार्ड की प्रदेश प्रमुख सोनल राजेश शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थित में जिले के डीएफओ शशि कुमार को इस उपलब्धि का प्रमाण पत्र दिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर जशपुर वनमण्डल की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन में जनभागीदारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने इस अभिनव अभियान को प्रकृति संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल बताते हुए इसकी सफलता पर वन विभाग, प्रशासन तथा सभी सहभागी नागरिकों को बधाई दी।मुख्यमंत्री ने कहा कि बीज गोला बनाबो, जशपुर के जंगल ला बढ़ाबो अभियान इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण है कि जब शासन, प्रशासन और समाज एक साझा उद्देश्य के लिए एकजुट होकर कार्य करते हैं, तो असंभव प्रतीत होने वाले लक्ष्य भी सहजता से प्राप्त किए जा सकते हैं।
जशपुर वनमण्डल द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी अभियान बीज गोला बनाबो, जशपुर के जंगल ला बढ़ाबो के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सीडबॉल रोपण एवं प्रसार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य प्रकृति संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा हरित आवरण में वृद्धि करना है। अभियान की सबसे बड़ी विशेषता इसमें जनसहभागिता का अभूतपूर्व स्वरूप रहा।
स्थानीय समुदाय, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, महिला स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों, वन अमले तथा आम नागरिकों ने भी भागीदारी निभाई। एक ही दिन में 2 लाख से अधिक सीडबॉल के रोपण एवं प्रसार की इस उपलब्धि ने जशपुर जिले को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।