
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : बीमारी ठीक होने की आस में ईसाई मत अपनाया, चंगाई सभाओं में प्रार्थना की, पवित्र जल और तेल का भी सहारा लिया, लेकिन बीमारी दूर नहीं हुई। पति का निधन हो गया, तो प्रार्थनाओं से विश्वास उठ गया। मिशनरी की बातों में आकर मतांतरण करना जीवन की भूल लगी।
सक्ती जिले के जाजंग गांव की निवासी समरीन बाई सतनामी ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उसका पति रोजी- मजदूरी करता था। अक्सर बीमार रहने की वजह से काम पर नहीं जा पाता था। आर्थिक संकट खड़ा हो गया और परिवार का गुजारा चलना मुश्किल हो गया। इस बीच पति की बीमारी ठीक करने का भरोसा देकर चार साल पहले उन्हें ईसाई मत अपनाने के लिए प्रेरित किया गया था।
पति के निधन के बाद वह पुनः सनातन धर्म में लौट आईं। कोरबा में घर वापसी कार्यक्रम के दौरान आपबीती रविवार को घर वापसी करने वालों ने बताई और ईसाई धर्म छोड़ कर पुनः हिंदू धर्म अपनाया।
घंटाघर ओपन थिएटर में आयोजित हिंदुत्व रक्षक सम्मान समारोह में करीब 100 परिवारों के 500 मतांतरित सदस्यों की घर वापसी मंत्रोच्चार के बीच कराई गई। सक्ती जिले सहित कोरबा के वनांचल क्षेत्रों के आदिवासी परिवारों ने सनातन धर्म में लौटने का निर्णय लिया।
इस दौरान महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद महाराज और अखिल भारतीय घर वापसी अभियान के प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव सहित बड़ी संख्या में धर्मसेना के सदस्य उपस्थित रहे। घर वापसी करने वालों का पांव पखारकर स्वागत किया गया।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में पुलिस की मनमानी, बिना वजह बंद किए 40 साल पुराने रास्ते, राहगीर परेशान
सक्ती जिले के बगबुड़ा की लता साहू ने बताया कि उनके पति का स्वास्थ्य खराब रहता था। करीब तीन वर्ष पहले एक पादरी ने चंगाई सभा में शामिल होने से बीमारी दूर होने का भरोसा दिलाया। पति को स्वस्थ करने की आस में वह भी मतांतरित हो गईं।
चंगाई सभा में प्रार्थना के बाद उन्हें पवित्र जल और तेल दिया जाता था, लेकिन इससे पति की बीमारी दूर नहीं हुई। आज भी उनके पति का स्वास्थ्य खराब है। अब वह इन सब से बाहर निकलकर अस्पताल में उपचार करा रही हैं।
लता ने अपने कड़वे अनुभव को साझा करते हुए कहा कि मिशनरी की बातों में आकर मतांतरण करना उनकी जिंदगी की भूल थी। उन्होंने कहा, मेरी मत मारी गई थी, इसलिए मैं मतांतरित हो गई। अब वह इस अनुभव से सबक लेते हुए पुनः अपने मूल धर्म में लौट आई हैं।
प्रत्येक परिवार की वापसी तक चलेगा अभियान - प्रबल प्रताप
प्रबल प्रताप जूदेव, फाइल फोटो
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने अपने पिता स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के घर वापसी अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि मतांतरण के विरुद्ध और घर वापसी के लिए उनका अभियान निरंतर जारी रहेगा। जब तक प्रत्येक परिवार को घर वापसी अभियान से नहीं जोड़ा जाता, तब तक वह इस दिशा में काम करते रहेंगे। समारोह में घर वापसी अभियान को आगे बढ़ाने और समाज को धार्मिक व सांस्कृतिक रूप से संगठित करने पर जोर दिया गया।
सनातन धर्म की रक्षा के लिए समाज तैयार रहे

स्वामी अनिलानंद महाराज, फाइल फोटो
महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद महाराज ने कहा कि हिंदू समाज की रक्षा और धार्मिक परंपराओं को सशक्त बनाने के लिए कार्य करने वाले लोगों का सम्मान करना सौभाग्य की बात है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार में अधिकारियों के संरक्षण के कारण मतांतरण की संख्या बढ़ी, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ने मतांतरण रोकने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं।
इसके लिए सरकार साधुवाद की पात्र है। उन्होंने कहा कि अपने सामान को ताले में बंद करके रखने के बाद भी लुटेरे उसे लूटने का प्रयास करते हैं। इसी तरह सनातन धर्म को सुरक्षित रखना होगा।
यदि कोई धर्म और परंपरा को लूटने का प्रयास करे तो उसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए समाज को तैयार रहना चाहिए।