नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : दशहरा उत्सव में डीजे की धुन पर नाचने के दौरान हुआ विवाद युवक की हत्या की वजह बन गया। मुड़ापार दशहरा मैदान के पास 20 अक्टूबर की रात राहुल कुमार उर्फ गोल्डन की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। धक्का लगने पर शुरू हुई कहासुनी में राहुल ने पहले एक युवक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद विवाद बढ़ा और चार युवकों ने उसे मैदान के पीछे बस्ती में बरगद के पेड़ के पास ले जाकर चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल राहुल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रातभर तलाशी अभियान चलाकर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि चौथा नाबालिग आरोपित फरार है। घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र में मुड़ापार दशहरा मैदान के पीछे रात 10.30 से 10.45 बजे के बीच हुई। मैदान में रावण दहन से पहले डीजे की धुन पर युवक नाच रहे थे।
इसी दौरान रेलवे कालोनी निवासी राहुल उर्फ गोल्डन और मुड़ापार निवासी बिट्टू चौहान के बीच धक्का लगने को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि राहुल नशे की हालत में था। नाराज होकर उसने बिट्टू को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद विजय चौहान भी वहां पहुंचा। तब राहुल की उसके साथ भी कहासुनी हुई और मारपीट हो गई।
राहुल द्वारा विजय को थप्पड़ मारने से विवाद और बढ़ गया। इसके बाद बिट्टू, विजय, सिक्कू चौहान और उनके एक अन्य साथी ने मिलकर राहुल को मैदान के पास की गली में ले गए। वहां मारपीट करने के बाद चाकूनुमा हथियार से उसके पेट पर कई वार किए। हमले में लहूलुहान राहुल मौके पर गिर पड़ा और आरोपित भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राहुल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर रुप से घायल राहुल को अथक प्रयास के बाद भी नहीं बचाया जा सका और उसकी मौत हो गई। हत्या की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपितों की तलाश शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू और मानिकपुर चौकी पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। वैधानिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद राहुल का शव स्वजन को सौंप दिया गया।
झोपड़ीनुमा मकान में मिले आरोपित
आरोपितों को पकड़ने पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी, तब चारों आरोपित क्षेत्र से बाहर एक झोपड़ीनुमा स्थान पर छिपे मिले। पुलिस की घेराबंदी के दौरान तीन आरोपित पकड़ में आ गए, जबकि चौथा नाबालिग भाग निकला। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि चाकूनुमा दो हथियार से हमला किया गया है।
इसमें एक जब्त कर लिया गया है, जबकि दूसरा फरार नाबालिग के पास हैं। तीनों बालिग आरोपितों के सिर अर्द्धमुंडन कर इसी हालत में मुड़ापार बस्ती में घुमाया गया और इस दौरान बदमाश कहते नजर की कि अपराध करना पाप है, कानून हमारा बाप है। मामले में अपराध पंजीबद्ध कर आगे कार्रवाई की जा रही है।
500 से अधिक जवानों की तैनाती, फिर भी हो गई घटना
दशहरा उत्सव के दौरान जिलेभर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 500 से अधिक पुलिस जवानों को तैनात किया गया था। मुड़ापार दशहरा मैदान समेत प्रमुख आयोजन स्थलों पर भी बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाया गया था। पुलिस अधिकारी लगातार गश्त कर रहे थे। त्योहार से पहले सभी थानों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में निगरानी बदमाशों को बुलाकर किसी भी तरह की वारदात करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।
इसके बावजूद दशहरा उत्सव के दौरान ही मुड़ापार में युवक की हत्या की वारदात हो गई। डीजे पर नाचने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक की जान चली गई। घटना ने उत्सव स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी के बीच आपसी विवाद और अचानक होने वाली हिंसक घटनाओं को रोकने की चुनौती को फिर सामने ला दिया।
यह भी पढ़ें- कोरबा में 24 घंटे में चार खौफनाक हादसे, 5 की मौत और दो गंभीर, तीन थानों में 4 भीषण दुर्घटनाओं पर मर्ग कायम, जांच शुरू
शाम से ही भिड़ रहे थे युवक, मारपीट का वीडियो आया सामने
आपस में विवाद कर भिड़ते युवक मुड़ापार के दशहरा मैदान में शाम सात बजे से ही दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी। युवक दो से तीन बार आपस में भिड़े। एक पक्ष के कुछ युवक वहां से लौट गए, लेकिन बाद में दोबारा पहुंचे तो राहुल के साथ फिर विवाद हुआ। इस मारपीट का एक वीडियो सामने आया है। मानिकपुर पुलिस चौकी का कहना है कि वीडियो पहले हुए विवाद का है, जबकि कुछ लोग इसे हत्या से पहले हुए विवाद का बता रहे हैं। सवाल यह है कि यदि पुलिस समय रहते सतर्कता बरतती और विवाद को गंभीरता से लेती, तो क्या इस वारदात को टाला जा सकता था।