
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : जिले में शनिवार देर रात मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक के दोनों पैर कट गए। हादसे के बाद युवक पूरी रात रेलवे ट्रैक पर पड़ा रहा। रविवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस और स्वजन को घटना की जानकारी दी गई।
घायल की पहचान ढेगूनाला निवासी 22 वर्षीय रितेश सारथी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल को अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटनास्थल से पुलिस ने युवक का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रितेश देर रात रेलवे ट्रैक पर बैठा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में वह आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसके दोनों पैर कटकर अलग हो गए। रात में अंधेरा होने के कारण किसी की नजर घायल युवक पर नहीं पड़ी और वह पूरी रात ट्रैक पर ही पड़ा रहा। \
यह भी पढ़ें- VVIP बंदोबस्त में 2 युवकों की मौत का मामला, जानिए क्यों कोर्ट ने दिया SP और DGP दफ्तर की कुर्की का आदेश
पुलिस हादसे के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। युवक देर रात रेलवे ट्रैक पर क्यों गया था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस युवक के ट्रैक तक पहुंचने की वजह को लेकर अलग-अलग संभावनाओं की जांच कर रही है। स्वजन और आसपास के लोगों से भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।