नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा: जमीन और घर छोड़ने के बाद भी मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है। पुनर्वास तो मिला, लेकिन सम्मानजनक जीवन के लिए जरूरी सुविधाएं अब तक नहीं मिल सकीं। इसी पीड़ा और अधिकारों की मांग को लेकर एसईसीएल कुसमुंडा परियोजना से प्रभावित ग्राम चंद्रनगर (जटराज) के भू-विस्थापित परिवारों ने दंडवत न्याय यात्रा निकालकर प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाई।
यात्रा में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना गैर-राजनीतिक संगठन ने समर्थन दिया। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल और प्रदेश संयोजक दिलीप मिरी प्रमुख रूप से शामिल रहे। उमागोपाल ने भू-विस्थापित परिवारों के मौलिक अधिकारों, सम्मानजनक पुनर्वास और मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जिन परिवारों की जमीन और आजीविका खनन परियोजनाओं के लिए प्रभावित हुई है, उन्हें अपने अधिकारों और बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़ना चाहिए। दिलीप मिरी ने भी भू-विस्थापित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए उचित कार्रवाई की मांग की।
श्रम सेवा भू-विस्थापित कामगार संगठन के संस्थापक अशोक पटेल ने बताया कि ग्राम चंद्रनगर (जटराज) के परिवारों को अलग-अलग पुनर्वास स्थलों पर बसाया गया है, लेकिन लंबे समय बाद भी कई मूलभूत सुविधाओं की समस्या बनी हुई है। ज्ञापन में पुनर्वास स्थलों पर सड़क, बिजली, पानी, नाली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामुदायिक भवन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में मौसम का असर, सिम्स की ओपीडी 2314 के पार, दो बजे के बाद भी लगी रही कतार
विस्थापन के कारण गांव की एकता, संस्कृति और सामाजिक परंपराओं पर पड़े प्रभाव की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया। यात्रा के दौरान राजेंद्र पटेल, करण पटेल, महेश्वर पटेल, नरेश पटेल, टिकेश्वर पटेल, कुशल बाई, अंजलि, गौरी बाई, मीणा बाई, पिलामती, त्रिलेश्वर, पवन, लक्ष्मण सहित संगठन के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
भू-विस्थापितों ने स्पष्ट किया कि जमीन और घर छोड़ने के बाद केवल दूसरी जगह बसाना पर्याप्त नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन के लिए जरूरी सुविधाएं और मौलिक अधिकार भी सुनिश्चित किए जाने चाहिए।
छह पुनर्वास स्थलों के परिवारों की समस्याएं उठाईं
ज्ञापन में सोनपुरी खदान के पास 15 परिवार, 14 नंबर डंपिंग में 140 परिवार, छह नंबर डंपिंग में 92 परिवार, सर्वमंगला नगर में 55 परिवार, वैशाली नगर कुसमुंडा में 70-80 परिवार और वैशाली नगर खम्हरिया नदी किनारे 36-40 परिवार सहित विभिन्न पुनर्वास स्थलों पर बसाए गए परिवारों की समस्याओं का उल्लेख किया गया।
संगठन ने प्रशासन से आग्रह किया कि भू-विस्थापित परिवारों की समस्याओं का मौके पर निरीक्षण कर समयबद्ध समाधान किया जाए।