
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआइसी) अस्पताल में पदस्थ 30 वर्षीय चिकित्सक डा एल्विन ने शनिवार को अस्पताल परिसर स्थित कर्मचारी आवास के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव नायलान की रस्सी के फंदे पर लटका मिला। हाथ पर चोट के निशान भी मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने पहले सर्जिकल ब्लेड से नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया और बाद में फांसी लगा ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
केरल के पालक्काड निवासी डा एल्विन ने तमिलनाडु के कोयंबटूर से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। करीब एक वर्ष पहले उनकी पदस्थापना कोरबा स्थित ईएसआईसी अस्पताल में हुई थी। वह अस्पताल परिसर में कर्मचारियों के लिए बने आवासीय परिसर के एक मकान में अकेले रहते थे।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह नौ बजे उनकी बाह्य रोगी विभाग में ड्यूटी थी, लेकिन वह अस्पताल नहीं पहुंचे। कर्मचारियों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शाम करीब चार बजे तक जब उनसे संपर्क नहीं हो सका, तो अस्पताल के कुछ कर्मचारी उनके आवास पहुंचे। अंदर से कोई हलचल नहीं होने पर उन्होंने खिड़की का कांच तोड़ा और किसी तरह दरवाजा खोला। अंदर पहुंचने पर बाथरूम में डा एल्विन का शव फंदे पर लटका मिला।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाथरूम में कपड़े टांगने के लिए लगे दो हैंगर के बीच रस्सी बांधकर फंदा बनाया गया था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। चिकित्सक के हाथ पर चोट के निशान मिलने से यह भी आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने सर्जिकल ब्लेड से नस काटकर पहले आत्महत्या का प्रयास किया होगा। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
शादी की तैयारी के बीच टूट गया रिश्ता
सीेएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि डाक्टर के माता- पिता का बयान लिया गया। उन्होंने जो बताया, उसके अनुसार डा एल्विन का कोयंबटूर में रहने वाली एक युवती से करीब दो वर्ष से प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात कोचिंग के दौरान हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों परिवार भी विवाह के लिए सहमत थे। इसी सिलसिले में डा एल्विन 11 अगस्त को कोयंबटूर गए थे।
वहां वह दो दिन होटल में ठहरे और युवती की मां व भाई से भी मुलाकात की थी। 12 अगस्त को पालक्काड स्थित चर्च में दोनों के विवाह के लिए आवेदन भी दाखिल किया था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने पर शादी टूट गई। कोरबा लौटने के बाद से डा एल्विन के गुमसुम रहने लगे थे।
माता-पिता को बुलाया, पहुंचने पर मिली बेटे की मौत की खबर
करीब तीन दिन पहले डा एल्विन ने अपने माता-पिता को फोन कर स्वास्थ्य ठीक नहीं होने की जानकारी दी थी और उन्हें केरल से कोरबा आने के लिए कहा था। बेटे के बुलाने पर शनिवार को उनके माता-पिता कोरबा पहुंचे, लेकिन यहां पहुंचने पर उन्हें बेटे के आत्महत्या कर लेने की जानकारी मिली। अचानक हुई इस घटना से परिवार सदमे में है।
रायपुर भेजा जाएगा शव, सोमवार को कोयंबटूर ले जाने की तैयारी
सिविल लाइन थाना पुलिस ने अस्पताल की सूचना पर मर्ग कायम किया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव को अस्पताल की शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। देर रात एंबुलेंस से शव रायपुर भेजे जाने की तैयारी है। सोमवार को विमान से शव कोयंबटूर ले जाया जाएगा, जहां पालक्काड में अंतिम संस्कार किया जाएगा।