नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : कारगिल युद्ध में गनर के रूप में हिस्सा ले चुके छत्तीसगढ़ के कोरबा निवासी पूर्व सैनिक प्रेमचंद पांडेय से रांची के टोल प्लाजा में पार्टनर बनाने के नाम पर 34 लाख 40 हजार रुपये की ठगी कर ली गई है। पांडेय ने इस मामले में रांची के नगड़ी थाने में जय कुमार सोनी, जतिन और लवकुश यादव के विरुद्ध ठगी, धोखाधड़ी, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। सेना के सेवानिवृत्त हवलदार प्रेमचंद पांडेय ने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों पहले उनकी जान-पहचान कोरबा स्थित न्यू जेके ज्वेलर्स के संचालक जय कुमार सोनी और उसके साले जतिन से सोने-चांदी के खरीद-बिक्री के दौरान हुई थी। दोनों ने उन्हें बताया कि एनएचएआइ से उन्हें रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित पतराचौली टोल प्लाजा का टेंडर मिला है, लेकिन धन की कमी के कारण वे टोल को पार्टनरशिप और सबलेट पर देना चाहते हैं।
आरोपितों ने उन्हें भारी मुनाफे का भरोसा दिलाकर निवेश करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद अलग-अलग समय पर उन्होंने नकद और बैंक खाते में आनलाइन ट्रांसफर के माध्यम से आरोपितों को कुल 34 लाख 40 हजार रुपये दिए। बाद में आरोपितों ने 100 रुपये के स्टांप पेपर पर एक लिखित अनुबंध किया, जिसमें टोल प्लाजा के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी उन्हें देने तथा फास्टैग से प्राप्त राशि न्यू जेके ज्वेलर्स के खाते में जाने और नकद वसूली संचालन करने वाली पार्टी के पास रहने की बात लिखी गई थी। अनुबंध के आधार पर उन्हें टोल संचालन की जिम्मेदारी भी दी गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कुछ महीनों बाद टोल का संग्रह बढ़ने पर जय कुमार सोनी, जतिन, लवकुश यादव और अन्य लोगों ने उनके कर्मचारियों के साथ गाली गलौज शुरू कर दी और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके बाद डर के मारे उनके कर्मचारी टोल छोड़कर भाग गए। इसके बाद आरोपितों ने टोल पर कब्जा कर लिया और उन्हें टोल संग्रहण संबंधी वाट्सएप ग्रुप से भी हटा दिया। बाद में कर्मचारियों को फोन कर टोल पर दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
यह भी पढ़ें- अरपा भैंसाझार परियोजना की बह गई कंक्रीट लाइनिंग: घटिया निर्माण के कारण कटाव जारी, ग्रामीणों ने जताई बड़ी दुर्घटना की आशंका
एनएचआइ पहुंचने पर ठगी की हुई जानकारी
प्रेमचंद पांडेय ने दर्ज प्राथमिकी में बताया कि घटना के बाद वह रांची के अशोक नगर स्थित भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) कार्यालय पहुंचे, जहां अधिकारियों ने उन्हें बताया कि नियमों के अनुसार टोल प्लाजा को पार्टनरशिप या सबलेट पर देने का कोई प्रविधान नहीं है। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि टोल संचालन के नाम पर सुनियोजित साजिश के तहत उनसे ठगी की गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जय कुमार सोनी के खिलाफ मथुरा में भी टोल पार्टनरशिप और सोने-चांदी के कारोबार के नाम पर ठगी की शिकायत दर्ज है।
आरोपितों ने कई बार पैसे लौटाने का दिया आश्वासन
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपित उन्हें लगातार रुपये लौटाने का आश्वासन देते रहे, इसलिए उन्होंने तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं की थी, लेकिन सात जुलाई को जब वह अपने एक साथी के साथ पतराचौली से गुमला जाने वाली सड़क पर रुपये मांगने पहुंचे तो जय कुमार सोनी, जतिन और उनके सहयोगियों ने उन्हें बुलाकर बेरहमी से मारपीट की।
आरोप है कि पिटाई में उनका एक दांत टूट गया। साथ ही आरोपितों ने उनके गले से सोने की चेन और हाथ से चांदी की ब्रेसलेट छीन ली। इस दौरान एक आरोपित ने उन पर पिस्तौल तान दी और शिकायत करने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।