
नईदुनिया न्यूज, कोरबा :विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन इंटक-56 के प्रदेश अध्यक्ष राम इकबाल सिंह की अगुवाई में प्रतिनिधि मंडल ने प्रबंध निदेशक उत्पादन संजीव कुमार कटियार से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने संयंत्र में कार्यरत बचे हुए कर्मचारी जिनकी पदोन्नति संयंत्र सहायक-दो (मेकेनिकल) से संयंत्र सहायक- एक मेकेनिकल शेष हाेन पर चर्चा की।
इस पर प्रबंध निदेशक ने अतिशीघ्र बचे हुए कर्मियों की भी पदोन्नति आदेश की कार्यवाही को पूरा करने का भरोसा दिया। इसके अलावा अनुकंपा नियुक्ति व भूमि अधिग्रहण से नियुक्त हुए कर्मियों के पदोन्नति के विषय में भी चर्चा किए।
कटियार ने बताया कि कर्मचारी जिनकी पदोन्नति अभी तक नहीं हुई है व अर्हता पूर्ण हो चुकी है उनके पदोन्नति की कार्यवाही चालू है एवं आफिस में कार्यरत स्टाफ की भी पदोन्नति की कार्यवाही सामान रूप से क्रियान्वित है। अतिशीघ्र बचे हुए कर्मियों के भी पदोन्नति आदेश जल्द जारी किए जाएंगे।
यहां बताना होगा कि विद्युत क्षेत्र में 42 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले कटियार के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में वित्त वर्ष 2023-24 में अटल बिहारी वाजपेई ताप विद्युत गृह मड़वा के प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) को 49 प्रतिशत से बढ़ाकर 84.4 प्रतिशत करना उल्लेखनीय है।
इसके परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी 33 राज्य जनित निगमों में प्रथम स्थान पर रही। इसी तरह कोरबा पश्चिम ताप विद्युत संयंत्र में जटिल स्टेशन नियंत्रण एवं इंस्ट्रूमेंटेशन सिस्टम के नवीनीकरण का कार्य महज 46 दिनों में पूरा किया गया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राम इकबाल सिंह के साथ प्रांतीय जोनल सचिव जितेंद्र कुमार पाण्डेय, प्रांतीय क्षेत्रीय सचिव क्रांति पटेल, कार्यालय सचिव सहदेव दास, शरद सोनी, वर्मा आदि सदस्य उपस्थित रहे।