कोरबा में बेटे की मौत के गम में मां ने लगाई फांसी, रानी रोड के घर में साड़ी के फंदे पर लटका मिला शव
कोरबा के रानी रोड में 50 वर्षीय गीता तंवर ने बेटे की मौत के दो साल बाद अकेलेपन से तंग आकर साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली, पुलिस ने मर्ग कायम किया।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 05:38:23 PM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 05:38:23 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- कोरबा में महिला ने फांसी लगाकर जान दी।
- दो साल पहले बेटे की मौत से थी सदमे में।
- रानी रोड के घर में फंदे पर लटका मिला शव।
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा: शहर के पुरानी बस्ती स्थित रानी रोड क्षेत्र में 50 वर्षीय गीता तंवर का शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। मामले में मर्ग कायम कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गीता तंवर उर्फ गीता बाई कंवर के बेटे की करीब दो साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से वह अकेली रह रही थीं। बेटे की मौत के बाद से ही वह अक्सर गुमसुम रहती थीं और उसे याद कर दुखी होती थीं। बताया जा रहा है कि महिला ने घर के सामने वाले कमरे में साड़ी से फंदा लगाया था।
काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा तो उनका शव फंदे पर लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। स्वजन और पड़ोसियों के अनुसार बेटे की मौत के बाद से महिला अकेलेपन और सदमे में रहती थीं।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में नो-एंट्री की आड़ में दौड़ रहे भारी वाहन: दोपहर की छूट का दुरुपयोग, खतरे में जान
दीपावली के दौरान भी उन्होंने बेटे के बिना घर सूना लगने की बात कहते हुए अपना दुख जाहिर किया था। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि महिला की मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी।
प्रथम दृष्टया महिला के आत्महत्या करने की जानकारी सामने आई है। उनके बेटे की दो साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से वह अकेली रह रही थीं। परिजन बेटे की मौत के सदमे को घटना की वजह बता रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।