कोरबा में शर्मनाक घटना: स्कूल के पीछे गांजा व सिगरेट पीते दिखे छात्र-छात्राएं, सात को थमाया टीसी का नोटिस
कोरबा जिले के पाली स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं के गांजा और सिगरेट पीते हुए दो वीडियो वायरल होने के बाद प्राचार्य ने सख्त कार्रवाई करते हुए कुल सात विद्यार्थियों को टीसी देने का नोटिस जारी किया है।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 10:30:25 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 10:30:25 PM (IST)
एक ही स्कूल के दो अलग-अलग वीडियो प्रसारितHighLights
- कोरबा के पाली स्थित सरकारी स्कूल के दो वीडियो वायरल।
- खंडहर में छात्र गांजा और सुनसान जगह छात्राएं सिगरेट पीती दिखीं।
- प्राचार्य ने कार्रवाई करते हुए सात विद्यार्थियों को टीसी नोटिस दिया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा: जिले के एक सरकारी स्कूल के छात्र-छात्राओं के नशा करने के दो अलग-अलग वीडियो सामने आने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। एक वीडियो में स्कूल के पीछे स्थित खंडहरनुमा जगह पर कुछ छात्र स्कूल की वर्दी में गांजा पीते नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में दो छात्राएं एक सुनसान स्थान पर सिगरेट पीती और गाली-गलौज करती दिख रही हैं। दोनों वीडियो पाली विकासखंड के कोरबी धतूरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं के हैं।
इंटरनेट मीडिया में प्रसारित छात्राओं के वीडियो को लेकर बताया जा रहा है कि उन्होंने खुद ही इसे बनाया और इंटरनेट मीडिया पर अपलोड कर दिया था। वीडियो में दोनों छात्राएं सिगरेट पीते हुए नजर आ रही हैं। साथ ही बातचीत के दौरान शराब का नशा करने की बात भी कहती सुनाई दे रही हैं।
माना जा रहा है कि नशे की अवस्था में उन्होंने यह वीडियो अपलोड किया था। बाद में इसे हटा भी दिया, लेकिन तब तक वीडियो प्रसारित हो चुका था। वहीं, छात्रों का दूसरा वीडियो स्कूल के पीछे स्थित खंडहर में गांजा पीने के दौरान बनाया गया था। बताया जा रहा है कि घटना 14 नवंबर की है। वीडियो में दिखाई दे रहे छात्र-छात्राएं आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। छात्र स्कूल समय में पढ़ाई छोड़कर बाहर चले गए थे।
वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला स्कूल प्रबंधन तक पहुंचा। गंभीरता को देखते हुए विद्यालय के प्राचार्य बलभद्र सिंह ने शाला प्रबंधन समिति और संबंधित छात्र-छात्राओं के अभिभावकों की बैठक बुलाई। इसमें अभिभावकों को दोनों वीडियो और बच्चों के व्यवहार की जानकारी दी गई। बैठक के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए गांजा पीते दिखे पांच छात्रों और सिगरेट पीती नजर आईं कक्षा नौवीं की दो छात्राओं को स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) देने का नोटिस जारी किया गया है।
प्राचार्य ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को भी पत्र के माध्यम से दी है। हालांकि, जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय ने इस घटनाक्रम से अभिज्ञता जताई है।
स्कूल समय में परिसर से बाहर घूमने पर अभिभावकों की नाराजगी
दो अलग-अलग वीडियो में एक ही विद्यालय के छात्र-छात्राओं के नशा करते दिखाई देने से अभिभावकों में नाराजगी है। स्कूल समय में बच्चों के परिसर से बाहर जाने और आसपास के सुनसान स्थानों पर नशा करने की घटना ने विद्यालय की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों ने स्कूल में अनुशासन के साथ ही छुट्टी से पहले बच्चों की आवाजाही पर निगरानी रखने की मांग की है।