कोरबा में लूट की डरावनी कोशिश, बदमाशों ने चलती कार पर की पत्थरबाजी, महिला की आंख में गंभीर चोट, चालक की सूझबूझ से टली वारदात
भारतमाला मार्ग पर चलती कार पर पत्थरबाजी की गंभीर घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने कार को निशाना बनाकर अचानक हमला किया, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 26 Apr 2026 01:05:43 PM (IST)Updated Date: Sun, 26 Apr 2026 01:14:16 PM (IST)
कोरबा में बदमाशों ने चलती कार पर पत्थरबाजी की जिससे महिला की आंख गंभीर चोंट आई है।HighLights
- बलौदा-तरदा मार्ग पर अज्ञात बदमाशों ने किया हमला
- चालक ने नहीं रोकी कार, सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया
- महिला की आंख की कार्निया में गंभीर चोट, रायपुर रेफर
नईदुनिया प्रतिनिधि,कोरबा। भारतमाला मार्ग पर चलती कार पर पत्थरबाजी की गंभीर घटना सामने आई है। उरगा थाना क्षेत्र के बलौदा-तरदा मार्ग पर अज्ञात बदमाशों ने कार को निशाना बनाकर अचानक हमला किया, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला की आंख में गंभीर चोट आने से उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पीड़ित परिवार बिलासपुर में सगाई कार्यक्रम में शामिल होकर कोरबा लौट रहा था। कार में कुसमुंडा निवासी मेघा सिंह अपने पति सुरजीत सिंह, सास विमला सिंह और बेटी निष्ठा सिंह के साथ सवार थीं। जैसे ही वाहन भारतमाला मार्ग से गुजर रहा था, उसी दौरान तीन से पांच अज्ञात बदमाशों ने घात लगाकर कार पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया
हमले के दौरान एक भारी पत्थर कार का शीशा तोड़ते हुए सीधे मेघा की आंख पर जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन नहीं रोका और तेजी से आगे निकालकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया, जिससे संभावित बड़ी वारदात टल गई।
आंख की कार्निया में गंभीर चोट आई है
घायल मेघा को तत्काल कोरबा के नीचे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार आंख की कार्निया में गंभीर चोट आई है, जिससे दृष्टि पर खतरा बना हुआ है।
संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है
बताया जा रहा है कि पीड़िता कोरबा सीएसपी के रीडर की स्वजन है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने गंभीरता दिखाई है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस घटना को लूट की नीयत से की गई वारदात मानकर जांच कर रही है।
राहगीरों में दहशत का माहौल
निजी अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर बयान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह घटना एक बार फिर भारतमाला जैसे महत्वपूर्ण मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से राहगीरों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ी है।