_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा: शराब पीने के लिए 500 रुपये नहीं देना दो युवकों को भारी पड़ गया। बांकीमोंगरा में बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोककर पहले रुपयों की मांग की। इनकार करने पर गाली-गलौज करते हुए बेल्ट और मुक्कों से जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, दोनों को जमीन पर घसीटकर जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना 30 अक्टूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे की है।
सूरज कुमार बिंझवार अपने साथी दिनेश कुमार बिंझवार के साथ बांकीमोंगरा देसी शराब दुकान से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपितों ने दोनों को रोक लिया और शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे। युवकों ने रुपये देने से मना किया तो आरोपितों ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद हाथ-मुक्कों और बेल्ट से हमला कर दोनों की पिटाई की।
मारपीट के दौरान उन्हें जमीन पर घसीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित सूरज की शिकायत पर बांकीमोंगरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
आरोपित समीर कुर्रे के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया बेल्ट भी जब्त किया गया। मामले में पुलिस ने समीर कुर्रे (19), आशीष कुमार पाटले (29), अमन कुमार कुर्रे (24) और हेमलाल कुर्रे (42) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।