
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात नाम बदलकर शादी करने के आरोप को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मामले को लेकर बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता पंडरी थाने पहुंच गए और आरोपित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि करीब छह वर्ष पहले उसकी पहचान एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम "सोनू" बताया था। बाद में दोनों ने शादी कर ली। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद उसे पता चला कि युवक का वास्तविक नाम सुफरान शेख है। वह करीब एक वर्ष तक पंडरी स्थित घर में युवक की नानी और बहनों के साथ रही। इस दौरान वह गर्भवती हुई और एक बेटे को जन्म दिया।
पीड़िता का कहना है कि बाद में आरोपित हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल चला गया और एक वर्ष से अधिक समय तक जेल में रहा। जेल से बाहर आने के बाद उसने बच्चे को अपने पास रख लिया और उसे वापस नहीं दे रहा है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
इधर, आरोपित युवक के परिजनों ने पीड़िता के आरोपों को गलत बताया। उनका कहना है कि परिवार ने युवती को स्वीकार करते हुए अपने साथ रखा था। उनका दावा है कि युवक के जेल जाने के बाद युवती ने स्वयं आधार केंद्र जाकर अपना नाम बदलवाया था। परिजनों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के जिलाध्यक्ष योगेश सैनी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पंडरी थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने इसे गंभीर मामला बताते हुए आरोपित के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। कुछ समय तक थाने में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
पंडरी थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। शिकायत और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से किसी वरिष्ठ अधिकारी का आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।