'गुजरात पुलिस की सुरक्षा में हूं' , रायपुर के आवास में नोटिस पर बोले 'जूनियर जोगी'
प्रधानमंत्री और चुनाव आयुक्त पर विवादित पोस्ट के मामले में घिरे अमित जोगी ने वीडियो जारी कर सफाई दी उन्होंने खुद को गुजरात में सुरक्षित बताया।
Publish Date: Thu, 05 Nov 2026 04:24:17 PM (IST)Updated Date: Thu, 05 Nov 2026 04:38:05 PM (IST)
HighLights
- अमित जोगी ने विवादित पोस्ट पर सफाई दी
- बताया कि वे वर्तमान में गुजरात के दौरे पर हैं
- राजनीतिक व्यंग्य को बनाया गया सांप्रदायिक अपराध
डिजिटल टीम, नईदुनिया. रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में घिरे पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के पुत्र और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी ने सफाई दी है। पुलिस ने भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर की शिकायत पर FIR दर्ज की है। पुलिस ने जूनियर जोगी के रायपुर स्थित आवास पर नोटिस चस्पा किया है।
जोगी ने सोशल मीडिया में वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा कि वे 2 से 8 नवंबर तक आमंत्रण पर पहले से तय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गुजरात आए हैं। गुजरात पुलिस उनकी सुरक्षा में लगी हुई है। वे कानून से भाग नहीं रहे हैं।
गुजरात डीजीपी कार्यालय को है पूर्व सूचना
जोगी के अनुसार 30 अक्टूबर को ही उनके कार्यालय ने छत्तीसगढ़ और गुजरात के डीजीपी व संबंधित अधिकारियों को उनके कार्यक्रम की सूचना दे दी थी। नोटिस चस्पा किए जाने को गैरजरूरी बताते हुए जोगी ने कहा कि उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया जा सकता था, ऐसा नहीं कर उनकी मां-पत्नी को अपमानित किया गया।
तो देशद्रोह का आरोप लगा देते
जूनियर जोगी ने उनपर लगाई गई BNS की धारा 196 पर भी सवाल उठाए। जोगी ने कहा कि साप्रदायिक घृणा फैलाने से जुड़ी धारा का प्रयोग करने से अच्छा तो उनपर देशद्रोह की कार्रवाई कर दी जाती।
राजनीतिक व्यंग्य को सांप्रदायिक अपराध बनाना ठीक नहीं
अमित जोगी ने वीडियो में कहा कि राजनीतिक व्यंग्य को सांप्रदायिक अपराध बनाना ठीक नहीं है। जोगी ने भरतमुनि के नाट्यशास्त्र का उल्लेख करते हुए बताया कि विदूषक को राजा का करीबी मित्र माना जाता है। उसका काम हास्य से राजा को सचेत रखना था। विदूषक को भारत का पहला पॉलिटिकल कार्टूनिस्ट भी कहते हैं।
विवादित वीडियो पोस्ट किया था
अमित जोगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट किया था। उनका यह वीडियो कथित वोट चोरी और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा था। वीडियो पर आपत्ति जताते हुए भाजपा के रायपुर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद जोगी ने वीडियो हटा लिया था और सार्वजनिक माफी भी मांग ली है।