
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार सुबह राजधानी रायपुर के महादेव घाट पहुंचकर खारुन नदी में आस्था की डुबकी लगाई। सुबह करीब साढ़े पांच बजे पवित्र नदी में स्नान करने के बाद उन्होंने ऐतिहासिक हटकेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी खारुन नदी में स्नान कर भगवान शिव का अभिषेक किया।
आस्था की डुबकी…. खारून नदी में पवित्र कार्तिक पुन्नी स्नान. हर-हर महादेव जय सिया राम 📍महादेव घाट, रायपुर https://t.co/CGVEcgyWNV
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) November 24, 2026
स्नान के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा की बधाई दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कार्तिक माह में नदी और सरोवरों में स्नान करने की परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस परंपरा के वैज्ञानिक और स्वास्थ्य पक्ष को रेखांकित करते हुए कहा कि सूर्योदय से पहले उठकर शीतल जल में स्नान करना सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है।
यह भी पढ़ें- गुरुनानक जयंती विशेष: छूटा पंजाब, बस्तर में 10 परिवारों से शुरू सफर 160 घरों तक पहुंचा
कार्तिक पूर्णिमा के चलते सुबह से ही महादेव घाट समेत प्रदेश के प्रमुख नदी-तालाबों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन को देव दीपावली और त्रिपुरारी पूर्णिमा के रूप में भी मनाया जाता है। श्रद्धालुओं ने सुबह स्नान के बाद तांबे के लोटे में लाल फूल, अक्षत और कुमकुम डालकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया तथा भगवान गणेश, विष्णु और माता लक्ष्मी की आराधना की। परंपरा के अनुसार शाम को नदी घाटों, तालाबों और घरों में दीपदान किया जाएगा।