
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: रायपुर के नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के तीसरे सीजन के फाइनल मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है। रविवार को खेले गए महामुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने रायगढ़ लायंस को एकतरफा अंदाज में 7 विकेट से पराजित किया। बिलासपुर के तेज गेंदबाज भरत गोंडवानी को उनकी घातक गेंदबाजी (3 विकेट) के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
खिताबी मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी रायगढ़ लायंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और बिलासपुर के गेंदबाजों ने उन पर लगातार दबाव बनाए रखा। हालांकि, रायगढ़ की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 160 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। रायगढ़ की ओर से नयन चव्हाण ने सबसे ज्यादा 41 रनों का योगदान दिया, जबकि संगीत सोनी ने 32 रन, आलोक साहू ने 25 रन और दीपक यादव ने 22 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। बिलासपुर की तरफ से भरत गोंडवानी ने शानदार स्पेल डालते हुए 3 विकेट चटकाए, वहीं वरुण सिंह भुई और मोहित राउत ने भी 2-2 विकेट लेकर विरोधी टीम को बड़े स्कोर से रोका।
जीत के लिए मिले 161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स की टीम ने बेहद आक्रामक और सकारात्मक शुरुआत की। बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत बिलासपुर ने मैच को पूरी तरह से एकतरफा बना दिया और महज 16.3 ओवरों में 3 विकेट खोकर 164 रन बनाते हुए खिताबी जीत दर्ज कर ली। बिलासपुर की जीत में शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने बेहतरीन योगदान दिया, जिसमें आयुष पांडे ने सर्वाधिक 33 रन बनाए, जबकि विकल्प तिवारी और पवन परनाते ने 29-29 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। रायगढ़ के गेंदबाज इस मैच में बेअसर दिखे; प्रवीन कुमार यादव और शुभम अग्रवाल को केवल 1-1 विकेट ही मिल सका।
गौरतलब है कि 3 जून से 14 जून तक चले इस 12 दिवसीय आयोजन का समापन बिलासपुर की खिताबी जीत के साथ हुआ। विजेता टीम को 15 लाख, उपविजेता टीम को 11 लाख इनाम दिया गया। बिलासपुर बुल्स के विकल्प तिवारी को टूर्नामेंट में ऑलराउंड खेल के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। वहीं रायगढ़ लायंस के संगीत सोनी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और बिलासपुर बुल्स के रुद्र प्रताप देहारी को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के खिताब से नवाजा गया। टूर्नामेंट में अपनी घातक गेंदबाजी से प्रभावित करने वाले रुद्र प्रताप देहारी ने इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' भी अपने नाम कर दोहरी सफलता हासिल की।