
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। भाजपा ने मिशन 2028 के लिए अपनी कवायद तेज कर दी है। प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी की रणनीति के तहत पार्टी का ध्यान 2023 के विधानसभा चुनाव में हारी 36 सीटों पर केंद्रित है। इन क्षेत्रों में जीत की राह बनाने के लिए निगम और मंडल अध्यक्षों को विधानसभा प्रभारी के रूप में मैदान में उतारा जा रहा है।
एक दिसंबर से 25 दिसंबर तक सेवा-दूत अभियान भी चलाया जाएगा। निगम-मंडल अध्यक्ष सेवा-दूत के रूप में काम करने के साथ 17 नगरीय निकायों में होने वाले चुनाव की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
पिछले चुनाव का समीकरण
वर्ष 2023 में 90 में से 54 सीटें जीतकर भाजपा सत्ता में लौटी थी। पार्टी ने 36 सीटें गंवाई थीं। इनमें कांग्रेस को 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को एक सीट मिली थी। लगातार हार वाली सीटों पर पार्टी विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी स्वयं इस काम की निगरानी कर रही हैं और अध्यक्षों से रिपोर्ट भी ले चुकी हैं।
रणनीति के तहत बूथों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। ‘रेड’ श्रेणी में वे बूथ हैं, जहां भाजपा कभी नहीं जीती। ‘येलो’ में वे बूथ शामिल हैं, जहां कभी भाजपा तो कभी कांग्रेस जीतती है। ‘ग्रीन’ श्रेणी में वे बूथ हैं, जहां भाजपा लगातार जीतती रही है। लक्ष्य रेड बूथों को येलो और येलो को ग्रीन में बदलना है। पार्टी ने 36 में से लगभग 80 प्रतिशत सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।
सेवा-दूत अभियान और चुनौतियां
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए एक से 25 दिसंबर तक अभियान चलेगा। शहरी क्षेत्रों में एक और ग्रामीण क्षेत्रों में दो सेवा-दूत तैनात होंगे। वे आमजन से सीधा संवाद करेंगे और सेवा कार्यों में भाग लेंगे। नगरीय निकाय चुनाव में निगम-मंडल अध्यक्षों और वर्तमान विधायकों को भी अहम जिम्मेदारी दी जाएगी।
यह भी पढ़ें- रायपुर में बदला सड़कों का स्वरूप, एक्सप्रेस-वे 50 और जीई रोड 67 मीटर चौड़ा, कनेक्टिविटी होगी मजबूत
पाटन में भूपेश बघेल का प्रभाव, खरसिया की चुनौती और कोटा व कोंटा में कमजोर स्थिति पार्टी के सामने प्रमुख कसौटियां हैं। बालोद जिले की बालोद, डौंडीलोहारा और गुंडरदेही सीटों पर लगातार हार के साथ बस्तर और सरगुजा के कुछ क्षेत्रों में संगठनात्मक चुनौतियों से पार पाना भी जरूरी होगा।
प्रभारियों को सात सूत्रीय जिम्मेदारी
प्रभारियों को हर महीने अपने क्षेत्र में नियमित समय देने, प्रत्येक बूथ पर लगभग 25 कार्यकर्ताओं की टीम बनाने, बूथों का जोनवार विभाजन करने और तीन-चार वार्डों को मिलाकर शक्ति केंद्र गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें सामाजिक समीकरण का आकलन, प्रमुख लोगों से संवाद और केंद्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं का जमीनी फीडबैक जुटाना होगा।
हर तीन महीने में क्षेत्रीय सह-संगठन महामंत्री को रिपोर्ट कार्ड सौंपना भी अनिवार्य है। सूत्रों के अनुसार भाजपा नेता संजय श्रीवास्तव को डोंगरगांव, राजीव अग्रवाल को पाटन, भूपेंद्र सवन्नी को जांजगीर-चांपा, श्रीनिवास राव मद्दी को बस्तर और रजनीश सिंह को खरसिया का प्रभारी बनाया गया है। इन नियुक्तियों के साथ सभी 36 हारी सीटों पर प्रभारी तैनात किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 70,979 किसानों ने बेचा धान, एक दिन में हुई 63 हजार टन से अधिक खरीदी; 28 लाख का पंजीकरण