
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। प्रदेश में चार नगर निगमों भिलाई, रिसली, भिलाई-चरोदा और बीरगांव में दिसंबर में प्रस्तावित निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव की तारीखों का एलान भले ही नहीं हुआ है, लेकिन पार्टी ने प्रत्याशी चयन से लेकर चुनावी मुद्दे तय करने तक की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। चारों निगमों में वार्ड कमेटियों के सुझाव के आधार पर उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे।
निकाय चुनाव के लिए नियुक्त एक सह पर्यवेक्षक ने बताया कि चारों नगर निगमों में वार्ड कमेटियों का गठन किया जा रहा है। ये कमेटियां वार्ड की राजनीतिक परिस्थितियों, स्थानीय समीकरणों और कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर प्रत्याशियों के नाम सुझाएंगी। यदि किसी वार्ड में दो या इससे अधिक दावेदारों के नाम सामने आते हैं और कमेटी किसी एक नाम पर सहमति नहीं बना पाती है, तो पर्यवेक्षक निर्णय लेने में भूमिका निभाएंगे। हालांकि, प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम मुहर प्रदेश कांग्रेस कमेटी लगाएगी।
बताया जाता है कि कांग्रेस चारों नगर निगमों के लिए अलग-अलग घोषणा पत्र तैयार करने की रणनीति बना रही है। पार्टी प्रदेश और राष्ट्रीय मुद्दों के साथ स्थानीय समस्याओं को भी चुनाव में उठाएगी। विशेष गहन पनरीक्षण, बिजली, पेयजल, सफाई, सड़क, नाली, जलभराव और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने की तैयारी है। इसके लिए वार्ड स्तर पर राजनीतिक परिस्थितियों और स्थानीय समस्याओं का आकलन किया जा रहा है।
चारों नगर निगमों में फिलहाल कांग्रेस के महापौर हैं। ऐसे में पार्टी के सामने अपने मौजूदा जनाधार को बनाए रखने की चुनौती है। आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के बाद पार्षद और महापौर पद के दावेदार भी सक्रिय हो गए हैं। आने वाले दिनों में प्रत्याशी चयन और स्थानीय मुद्दों को लेकर पार्टी की तैयारियां और तेज होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने में एजेंसियां फिसड्डी, 42 लाख वाहन बिना HSRP; जान लें क्या है शुल्क