कांग्रेस और विपक्षी दल संविधान विरोधियों और माओवादियों के समर्थक रहे हैं: अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अलंकरण समारोह में कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा।
Publish Date: Tue, 03 Nov 2026 09:28:22 PM (IST)Updated Date: Tue, 03 Nov 2026 09:28:22 PM (IST)
HighLights
- बंदूक के जरिए विकास रोकना मानवाधिकार नहीं है
- केवल 10 % माओवादी मारे गए, 90 % मुख्यधारा में आए
- एसआईआर पर विपक्ष को दी खुली चुनौती
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अलंकरण समारोह में कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी दल संविधान विरोधियों तथा माओवादियों के समर्थक रहे हैं।
शाह ने कहा कि राहुल गांधी संसद में माओवाद का समर्थन करते रहे हैं और गैर-संवैधानिक सरकारों का समर्थन करने वालों ने नकली संसद बनाकर संसद का मजाक बनाया।
केवल 10 प्रतिशत माओवादी मारे गए, 90 प्रतिशत मुख्यधारा में आए
शाह ने 2010 में पी. चिदंबरम के उस कथन का उल्लेख किया, जिसमें माओवादियों से हथियार डालने के बजाय बातचीत करने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने माओवादियों से हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने को कहा और उन्हें मुख्यधारा में लाने का भरोसा दिया।
शाह के मुताबिक, केवल 10 प्रतिशत माओवादी मारे गए, जबकि 90 प्रतिशत मुख्यधारा में आए और देश माओवादी हिंसा से मुक्त हुआ।
समारोह में 36 श्रेणियों के विभूतियों को राज्य अलंकरण प्रदान किए गए
समारोह में 36 श्रेणियों के विभूतियों को राज्य अलंकरण प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। शाह ने कहा कि डा. रमन सिंह के नेतृत्व में 15 साल तक विकास कार्य हुए, लेकिन उस समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी और माओवाद खत्म करने की उसकी मंशा नहीं थी।
आदिवासी क्षेत्रों के विकास की कल्पना अधूरी रह गई। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के दो महीने के भीतर माओवादी हिंसा के उन्मूलन का संकल्प लिया गया।
बंदूक के जरिए विकास रोकना मानवाधिकार नहीं है
मानवाधिकार के मुद्दे पर शाह ने कहा कि बंदूक के जरिए विकास रोकना मानवाधिकार नहीं है और गरीब आदिवासियों के अधिकारों की भी चिंता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक गलियारे की जगह रेड कारिडोर बना, जंगलों में बारूदी सुरंगें बिछीं, बच्चों को स्कूल से अगवा कर बंदूकें थमाई गईं और स्कूलों व सड़कों को उड़ा दिया गया।
एसआईआर पर विपक्ष को दी खुली चुनौती
एसआइआर पर चर्चा के लिए विशेष सत्र लाने की बात कहते हुए शाह ने राहुल गांधी को संसद में बहस की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि संविधान हाथ में लेकर घूमने से उसका समर्थन साबित नहीं होता, आचरण भी संवैधानिक होना चाहिए। संसद चलने देने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि चर्चा से जनता को सच और झूठ का पता चलेगा।
नवा रायपुर में लगेंगे पांच लाख पीपल के पौधे
शाह ने विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया और महतारी वंदन की 33वीं किस्त जारी की। उन्होंने बताया कि रायपुर में पांच लाख पीपल के पौधे लगाए जाएंगे। छत्तीसगढ़ की संस्कृति के संरक्षण के लिए पंडूम और बस्तर ओलंपिक सहित लोककला व शिल्प को बढ़ावा दिया जा रहा है। बस्तर दशहरा की 75 दिन चलने वाली परंपरा को भी नई पहचान मिली है।
अटल जी ने 2000 में छत्तीसगढ़ बनाया और मोदी जी ने इसे संवारा
शाह ने कहा कि गुरु घासीदास और गुरु नानक के संदेश समानता, सेवा और सच्चाई के हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ को माओवाद मुक्त बनाने के प्रयासों के लिए सीआरपीएफ और पुलिस की सराहना की। उन्होंने कहा कि अटल जी ने 2000 में छत्तीसगढ़ बनाया और मोदी जी ने इसे संवारा।