
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर : आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बीरबीरा में सदासीराम साहू (65) और उनकी पत्नी आसबाती (62) की हत्या कर दी गई। दोनों के शव गुरुवार को उनके घर में मिले। प्रारंभिक जांच में दोनों की हत्या किसी धारदार या नुकीली वस्तु से किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार हत्या करीब दो दिन पहले होने की आशंका है। दंपती गांव में अकेले रहते थे और खेती-किसानी करते थे। मृतक के बेटों और बेटी की शादी हो चुकी है। सभी रायपुर में रहते हैं।
मंगलवार को आसपास के लोगों ने दंपती को रात में देखा था। इसके बाद दो दिन तक घर से कोई हलचल नहीं हुई। गुरुवार को पड़ोस में रहने वाला एक बुजुर्ग उन्हें देखने के लिए घर पहुंचा। आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसने दरवाजे को धक्का दिया। दरवाजा खुलते ही अंदर दोनों के शव पड़े मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। डाग स्क्वाड और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई है। पुलिस को प्रथम दृष्टया दोनों की हत्या धारदार या नुकीली वस्तु से किए जाने के संकेत मिले हैं।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर को 1440 करोड़ की ऐतिहासिक सौगात: सिम्स का बदलेगा कायाकल्प, बनेगा नया इंटीग्रेटेड कैंपस, सीएम करेंगे भूमिपूजन
लूट से लेकर पुरानी रंजिश तक जांच के दायरे में
पुलिस हत्या के पीछे की वजह पता लगाने के लिए कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। सबसे पहले घर में जबरन प्रवेश के निशान और सामान की स्थिति की जांच की जा रही है। घर से नकदी, जेवर या अन्य सामान गायब हुआ है या नहीं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा जमीन-जायदाद का विवाद, पारिवारिक विवाद, पुरानी रंजिश और लेन-देन से जुड़े मामलों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि घटना से पहले दंपती से कौन-कौन मिलने आया था और मंगलवार के बाद गांव में कौन-कौन संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया।
मोबाइल से खुलेगा हत्या का राज
दंपती के मोबाइल फोन से मिले काल और संपर्कों की जांच के साथ उनकी हाल की गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जाएगी। गांव में आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का संभावित समय और चोटों की प्रकृति स्पष्ट होगी। एफएसएल से मिले साक्ष्यों और डाग स्क्वाड की जांच को भी पुलिस आगे की विवेचना में शामिल करेगी। फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।