
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। रायपुर सीमा क्षेत्र में डायरेक्टोरेट आफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 700 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में आंध्र प्रदेश पासिंग के दो ट्रकों को पकड़ा गया। दोनों वाहनों में गांजा छिपाकर रखा गया था। कार्रवाई के दौरान ड्राइवर समेत चार आरोपितों को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक डीआरआइ को सूचना मिली थी कि दो ट्रकों के जरिए आंध्र प्रदेश से गांजे की बड़ी खेप महाराष्ट्र भेजी जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने रायपुर सीमा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की। इसी दौरान पुराने धमतरी रोड पर भखारा थाना क्षेत्र में दोनों ट्रक टीम के रडार पर आए। घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका गया और तलाशी ली गई।
तस्करों ने सुरक्षा जांच से बचने के लिए ट्रकों में ऊपर से लोहे का सामान लोड कर रखा था। इसके बीच गांजा छिपाया गया था। बाहर से देखने पर दोनों ट्रक सामान्य मालवाहक वाहन नजर आ रहे थे। डीआरआइ की टीम ने जब जांच की तो छिपाकर रखी गई गांजे की खेप बरामद हो गई। दोनों ट्रकों से 700 किलो से अधिक गांजा मिलने के बाद टीम ने वाहनों को जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में गांजे को आंध्र प्रदेश से लाकर महाराष्ट्र ले जाने की जानकारी सामने आई है।
डीआरआइ ने मामले में ड्राइवर समेत चार आरोपितों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जांच एजेंसी यह पता लगा रही है कि गांजा आंध्र प्रदेश में कहां से लोड किया गया था और महाराष्ट्र में इसकी सप्लाई किसे दी जानी थी। साथ ही इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।