नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। लाखनी थाना क्षेत्र के मुंडीपार मार्ग पर सुबह करीब तीन बजकर 31 मिनट पर तेज रफ्तार मालवाहक ने बोलेरो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना में जान गंवाने वालों में आठ छत्तीसगढ़ व एक नागपुर की निवासी है। मृतकों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
तेज गति और लापरवाही से चला रहा था ट्रक
घायलों का उपचार जिला शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल भंडारा में चल रहा है। पुलिस ने बताया कि ट्रक को उत्तर प्रदेश प्रतापगढ़ निवासी 37 वर्षीय अमर सिंह रामदुलारे यादव चला रहा था। मालवाहक चालक पेट्रोल पंप से हाईवे पर आते समय वाहन को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान साकोली से लाखनी की ओर जा रहे बोलेरो को सामने से जोरदार ठोकर मार दी।
दुर्घटना में इनकी हो गई मौत
दुर्घटना में कवर्धा जिले के सहसपुर लोहारा से लगे ग्राम विचारपुर निवासी 26 वर्षीय मीनाक्षी पति राजकुमार वर्मा, 30 वर्षीय सरिता पति विजय वर्मा, दो वर्षीय रेशा राजकुमार वर्मा, 22 वर्षीय गणेशिया पति अश्वंत पटेल, 35 वर्षीय राजकुमारी पति प्रह्लाद पटेल, राजनांदगांव जिले के चिचोला क्षेत्र के ग्राम ग्राम औराटोला निवासी 30 वर्षीय गायत्री पिता रूपेश उईके, उनकी छह वर्षीय बेटी उईके, चार वर्षीय बेटे धैर्य उईके, नागपुर के भोंडाडी एकता नगर निवासी 50 वर्षीय जानाबाई रामअवतार वर्मा की मौत हो गई।
सड़क हादसे में ये हुए हैं घायल
मालवाहक और बेलरों में आमने-सामने भिड़ंत के बाद चीख पुकार मच गई। आनन-फानन में घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना में सहसपुर लोहारा विचारपुर निवासी पांच वर्षीय सुभाष विजय वर्मा, नागपुर देवदरी निवासी 18 वर्षीय गुलाबन रेश्या वर्मा, कवर्धा के बांधाटोला निवासी 26 वर्षीय ललिता योगेश पटेल, चार वर्षीय तनय योगेश पटेल, 45 वर्षीय रामप्यारी भारत पटेल,20 वर्षीय सुख्यारी पटेल, 30 वर्षीय रमस्या पटेल, 20 वर्षीय कुमारीबाई रामधर कावरे, छह वर्षीय मयंक योगेश पटेल, सहसपुर लोहारा विचारपुर निवासी तीन वर्षीय रितेश विजय वर्मा, तीन वर्षीय मेघा राजकुमार वर्मा, कवर्धा के बांधाटोला निवासी नौ वर्षीय लोकेश असवन, सात वर्षीय डाली असवन पटेल और नागपुर खामला निवासी 26 वर्षीय जगदेव उर्फ जंगू निर्मल वर्मा घायल हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर दुख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में छत्तीसगढ़ के कई नागरिकों, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं, उनके असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है।
मृतक के परिजनों को ₹5-5 लाख, घायलों को ₹50-50 हजार
दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। शोक की इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर शोकसंतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मृत छत्तीसगढ़ के नागरिकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से ₹5-5 लाख तथा घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल के लिए भेजी गई
छत्तीसगढ़ शासन की टीम भंडारा पहुंच चुकी है और महाराष्ट्र सरकार एवं स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर घायलों के उपचार एवं प्रभावित परिवारों की सहायता में जुटी है। गंभीर रूप से घायलों के बेहतर उपचार के लिए नागपुर में समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।