नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: सट्टे में लगातार घाटा, आर्थिक तंगी और परिवार से बिगड़े रिश्तों ने साजिद अली को इस कदर तोड़ दिया था कि उसने पूरे परिवार को खत्म कर दिया। उसने पत्नी राबिया बेगम, बेटे इरशाद अली और बेटियों शाहिना परवीन व हिरशिबा परवीन को खाने-पीने की चीजों में कीटनाशक मिलाकर खिला दिया। चारों की मौत के बाद उसने खुद रसोई में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
टिकरापारा थाना क्षेत्र के मदनी चौक, संजय नगर में हुए इस सामूहिक मौत के मामले में एसआइटी की जांच रिपोर्ट से यह राजफाश हुआ है। करीब पांच महीने की जांच के बाद पुलिस ने अब साजिद के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है। पोस्टमार्टम और विसरा जांच में भी चारों परिजनों के शरीर में कीटनाशक की पुष्टि हुई है।
एसआइटी की जांच में सामने आया कि साजिद पहले बैटरी रिपेयरिंग का काम करता था। बाद में वह गोलबाजार और डगनिया क्षेत्र में मोबाइल के माध्यम से सट्टा खिलाने लगा। शुरुआत में उसका काम चलता रहा, लेकिन धीरे-धीरे कारोबार कम होता गया और बाद में लगभग बंद हो गया। वह सट्टे में घाटे और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। पुलिस ने उसके बैंक खातों की जांच की तो पांच साल के दौरान करीब 70 लाख रुपये का लेनदेन सामने आया। हालांकि, वर्ष 2026 में खातों में पहले की तुलना में लेनदेन कम हो गया था। जांच में रकम के लगातार आने-जाने और खर्च होने के तथ्य भी मिले।
बेटे को फोन कर बुलाया था, मिठाई और खाना भी लाया
घटना वाले दिन साजिद ने अपने बेटे इरशाद को दो बार फोन कर घर बुलाया था। गवाहों के बयानों में विशेष मिठाई लाने और परिवार के साथ खाना खाने के लिए बुलाने की बात सामने आई। घटनास्थल से मिठाई के डिब्बे, पका हुआ भोजन, दाल और अन्य खाद्य सामग्री बरामद हुई थी।
पुलिस ने इन वस्तुओं को जब्त कर एफएसएल जांच के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम के दौरान चारों मृतकों की जीभ पर एक जैसे छाले और पेट से एक जैसी दुर्गंध मिलने की जानकारी सामने आई। बाद में विसरा जांच में चारों के शरीर में कीटनाशक की पुष्टि हुई। इससे उनकी मौत का कारण स्पष्ट हुआ।
सीसीटीवी में सुबह 10:18 बजे आखिरी बार खुला दरवाजा
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल काल डिटेल का विश्लेषण किया। जांच के अनुसार, घटना के दौरान 17 जुलाई की रात 12:28 बजे इरशाद घर पहुंचा था। इसके बाद परिवार के सदस्यों की गतिविधियां कैमरों में दिखाई दीं। सुबह 10:18 बजे साजिद ने घर का दरवाजा बंद किया। इसके बाद दरवाजा दोबारा खुलता हुआ नहीं दिखा। पुलिस ने फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया।
परिवार से दूरी, पहले भी जताई थी मरने की इच्छा
एसआइटी जांच में साजिद के पारिवारिक जीवन में लंबे समय से तनाव की बात भी सामने आई। वर्ष 2002 में शादी के बाद करीब तीन साल तक काम नहीं करने के कारण विवाद हुए थे। वर्ष 2007 में वह परिवार के साथ अलग रहने लगा था। इसके बाद परिवार मदनपुरेना, संतोषी नगर, संजय नगर और भिलाई-3 में रहा। साजिद अपने रिश्तेदारों और परिवार के अन्य सदस्यों से भी ज्यादा मेलजोल नहीं रखता था।
जांच में यह भी सामने आया कि घटना से करीब ढाई महीने पहले उसने रायपुरा पेट्रोल पंप के एक सेल्समैन को फोन कर अपनी परेशानियां बताई थीं। उसने कहा था कि परिवार से उसके संबंध अच्छे नहीं हैं, स्थायी काम-धंधा और रहने के लिए घर भी नहीं है। ऐसी स्थिति में उसका जीने का मन नहीं करता।
परिचित शेख मामदी ने उसे काम दिलाने का भरोसा दिया था। गोलबाजार के कुछ परिचितों ने बताया कि साजिद को लोग नेताजी के नाम से जानते थे। वह आसपास के लोगों से कम बातचीत करता था और किसी से उधार भी नहीं लेता था।