
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने मामले में वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने महादेव सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से उसका मामला रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपये लिए थे। सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान हिमांशु शेखर का नाम सामने आया, जिसके बाद ईडी ने उसके खिलाफ कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर को 13 नवंबर को कस्टोडियल रिमांड पर लेकर ईडी ने पूछताछ शुरू की थी। 19 नवंबर तक चली पूछताछ के दौरान सौरभ ने हिमांशु शेखर से जुड़े कई अहम खुलासे किए। उसने बताया कि अपना मामला निपटवाने और कार्रवाई से बचने के लिए उसने हिमांशु को करीब 15 करोड़ रुपये दिए थे।
जांच में यह बात भी सामने आई है कि हिमांशु शेखर पिछले तीन वर्षों के दौरान कई बार दुबई गया था। वहां उसकी सौरभ चंद्राकर से मुलाकात हुई थी। इन मुलाकातों के दौरान मामले को रफा-दफा कराने के लिए कथित तौर पर लेनदेन हुआ। ईडी अब इस रकम के स्रोत, लेनदेन के तरीके और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
ईडी को हिमांशु शेखर के देश छोड़कर दुबई जाने की आशंका थी। इसके चलते उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। बताया जा रहा है कि वह दुबई जाने की तैयारी में था। इसी दौरान मुंबई एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच के दौरान उसे पकड़ लिया गया। लुकआउट सर्कुलर के आधार पर जानकारी मिलने के बाद ईडी ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद ईडी की टीम हिमांशु शेखर को रायपुर लेकर पहुंच रही है। यहां उसे विशेष अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड मांगी जा सकती है। ईडी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि 15 करोड़ रुपये का कथित लेनदेन किन माध्यमों से हुआ और इस पूरी प्रक्रिया में किन अन्य लोगों की भूमिका रही है।
महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद सामने आए इस खुलासे को जांच की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब ईडी की जांच का दायरा उन लोगों तक भी पहुंच सकता है, जिन्होंने कथित तौर पर मामले को प्रभावित करने या आरोपितों को राहत दिलाने के लिए आर्थिक लेनदेन किया था।
यह भी पढ़ें- इंदौर दोहरा हत्याकांड: 5 महीने पहले रची थी पिता और बहन की हत्या की साजिश, अंबाला में मिली आखिरी लोकेशन