महादेव सट्टा ऐप: अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा पर कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट
महादेव सट्टा ऐप मामले में ईडी ने फरार अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा पर शिकंजा कसा है। रायपुर कोर्ट ने दोनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 09:24:00 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 09:49:08 AM (IST)
महादेव सट्टा ऐप मामले में अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा पर शिकंजा। (एआई जनरेटेड)HighLights
- महादेव सट्टा ऐप मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई।
- अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट।
- आहुजा बंधुओं पर सट्टे के पैसे से टिकट बुकिंग का आरोप।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। महादेव आनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने फरार अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा पर शिकंजा कस दिया है। रायपुर की विशेष धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने दोनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है।
ईडी ने दोनों को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कराने के लिए भी आवेदन पेश किया है। वहीं, विशाल आहुजा के सगे भाई धीरज आहुजा ने इसी अदालत में अग्रिम जमानत याचिका लगाई है।
ये है पूरा मामला
- ईडी की जांच में धीरज और विशाल आहुजा की भूमिका टिकट बुकिंग के कारोबार से जुड़ी सामने आई थी। ईडी की सितंबर 2023 की आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों भोपाल की रैपिड ट्रैवल्स कंपनी का संचालन करते थे। यह कंपनी महादेव ऐप के प्रमोटरों, उनके परिवार के सदस्यों और कारोबारी सहयोगियों के घरेलू व अंतरराष्ट्रीय हवाई टिकट बुक करती थी। जांच में यह भी सामने आया था कि सट्टेबाजी से हासिल अवैध रकम का इस्तेमाल टिकट बुकिंग के भुगतान में किया जाता था।
फरवरी 2023 में दुबई में सौरभ चंद्राकर की करीब 200 करोड़ रुपये खर्च वाली शादी में भी रैपिड ट्रैवल्स के माध्यम से मेहमानों की यात्रा और टिकट बुकिंग की व्यवस्था की गई थी। इस आयोजन में फिल्मी हस्तियां भी शामिल हुई थीं।
वहीं, मामले में शुभम सोनी के खिलाफ पहले ही गैर-जमानती वारंट जारी हो चुका है। अब अनिल अग्रवाल और आहुजा बंधुओं से जुड़ी कार्रवाई ने जांच को फिर चर्चा में ला दिया है। यह भी पढ़ें- Board Exam 2027: छत्तीसगढ़ बोर्ड ने जारी किया 10वीं और 12वीं का टाइम-टेबल, यहां देखें पूरी जानकारी