
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। त्योहारी सीजन में राजधानी से पटना और दक्षिण भारत की ओर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने अतिरिक्त यात्रा सुविधा जारी रखी है। पटना-चर्लपल्ली-पटना के बीच चल रही स्पेशल ट्रेनों का परिचालन 2 दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है। ये ट्रेनें रायपुर के अलावा बिलासपुर, दुर्ग और गोंदिया में रुकेंगी। ऐसे में रायपुर के यात्रियों को त्योहारी भीड़ के बीच इन ट्रेनों में अतिरिक्त विकल्प और कंफर्म बर्थ की सुविधा मिल सकेगी।
गाड़ी संख्या 03253 पटना-चर्लपल्ली स्पेशल पटना से 21 सितंबर से 30 नवंबर तक चलेगी। यह प्रत्येक सोमवार और बुधवार को चलेगी तथा कुल 21 फेरे लगाएगी। 03255 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल 25 सितंबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी और इसके कुल 10 फेरे होंगे। इसी तरह 03254 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल 23 सितंबर से 2 दिसंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। यह कुल 11 फेरे लगाएगी। इन तीनों ट्रेनों का रायपुर स्टेशन पर वाणिज्यिक ठहराव होने के कारण शहर के यात्रियों को इनसे यात्रा करने का विकल्प मिलेगा।
स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच रहेंगे। इनमें एक पावर कार, एक एसएलआरडी, दो सामान्य, चार स्लीपर, सात वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और सात वातानुकूलित तृतीय श्रेणी इकोनॉमी कोच शामिल हैं। त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों में आरक्षण नहीं मिलने पर रायपुर के यात्री इन स्पेशल ट्रेनों में सीट उपलब्धता के अनुसार यात्रा की योजना बना सकेंगे। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और उपलब्ध बर्थ की जानकारी लेने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- हिंदी में अब नहीं कटेंगे नंबर... 9 रसों को याद करने का रायपुर की शिक्षिका ने बनाया अनोखा फॉर्मूला