छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून, बलौदाबाजार में यलो अलर्ट, रायपुर रहेगा मेघों के आंचल में
बलौदाबाजार जिले में प्री-मानसून सक्रियता के चलते अगले कुछ घंटों में मौसम में बदलाव की संभावना है। जिले के अलग-अलग हिस्सों में हल्की गरज-चमक के साथ बार ...और पढ़ें
By Paritosh DubeyEdited By: Paritosh Dubey
Publish Date: Mon, 15 Jun 2026 08:22:27 AM (IST)Updated Date: Mon, 15 Jun 2026 08:22:27 AM (IST)

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। मौसम केंद्र रायपुर के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आज प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही विभाग ने आगामी दो दिनों के लिए भी राज्य में इसी तरह की मौसमी गतिविधियां जारी रहने की बात कही है।
50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवा
मौसम वैज्ञानिकों ने राज्य के कुछ इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की आशंका है। इस दौरान मौसम में भारी उथल-पुथल देखी जा सकती है और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ या विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे आश्रय लेने से बचें।
राजधानी रायपुर रहेगी बादलों के घेरे में
राजधानी रायपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों के लिए स्थानीय पूर्वानुमान जारी करते हुए मौसम केंद्र ने बताया है कि आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शहर और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा या तेज अंधड़ चलने की पूरी संभावना है। राहत की बात यह है कि इस मौसमी बदलाव से तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे पिछले कुछ दिनों से जारी उमस और तपिश से लोगों को राहत मिलेगी। आज रायपुर का अधिकतम तापमान 40°C और न्यूनतम तापमान 28°C के आसपास बने रहने का अनुमान है।
बना रहेगा हल्की मध्यम बारिश का काल
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रहेगा। राज्य के चुनिंदा हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा, वहीं कुछ संवेदनशील इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाओं की स्थिति बनी रहेगी। किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे मौसम की इस चेतावनी को ध्यान में रखते हुए ही अपनी कृषि गतिविधियों की योजना बनाएं।