_m.webp)
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। विजयदशमी पर 20 अक्टूबर को रायपुर से कुरूद (धमतरी) और रायपुर- रावघाट (बस्तर) के लिए दो नई यात्री ट्रेन सेवाएं शुरू होंगी। नई दिल्ली से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से और रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
मुख्य आयोजन रायपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर सात पर दोपहर 1:30 बजे होगा। वहीं, रावघाट स्टेशन पर भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
इस अवसर पर ताड़ोकी–रावघाट रेल लाइन और अभनपुर–कुरूद ब्राडगेज रेल लाइन का उद्घाटन होगा। रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी की आधारशिला भी रखी जाएगी।
रेलवे की किराया सूची के अनुसार रायपुर से रावघाट तक 219 किलोमीटर की यात्रा का किराया 55 रुपये होगा। इस मार्ग पर बस का किराया अभी 300 से 350 रुपये है। रायपुर से कुरूद का ट्रेन किराया 20 रुपये तय किया गया है, जो बस यात्रा से 40 रुपये कम है।
डबल इंजन सरकार में बढ़ा रेल बजट
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार आने के बाद से प्रदेश में 51,080 करोड़ रुपये की विभिन्न रेल परियोजनाओं पर काम जारी है। उनके मुताबिक, औद्योगिक, जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक रेल कनेक्टिविटी पहुंचाई जा रही है।
वित्त वर्ष 2026-27 के लिए छत्तीसगढ़ का रेलवे बजट बढ़ाकर 7,470 करोड़ रुपये किया गया है। यह 2009-14 के दौरान 311 करोड़ रुपये प्रति वर्ष के औसत आवंटन से लगभग 24 गुना अधिक है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के 40 खिलाड़ी जूनियर नेशनल सॉफ्टबॉल के लिए शॉर्टलिस्ट, पंजाब के बठिंडा में खेली जाएगी चैंपियनशिप
इन सुविधाओं का जल्द विस्तार...
नया माल ढुलाई कॉरिडोर
आने वाले समय में खरसिया-नया रायपुर-परमलकसा के बीच 278 किलोमीटर का माल ढुलाई मार्ग 7,854 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। यह बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग के व्यस्त रेल मार्गों को बाईपास कर कोयला, लौह अयस्क और सीमेंट परिवहन को गति देगा।
बस्तर और आदिवासी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी
दल्लीराजहरा-रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन पर अंतागढ़ तक 77 किलोमीटर में सेवा शुरू हो चुकी है। रावघाट से भिलाई स्टील प्लांट को सीधे लौह अयस्क मिलेगा।
नए सर्वे
किरंदुल-कोत्तागुडेम (180 किलोमीटर) और गढ़चिरौली-बीजापुर-किरंदुल (490 किलोमीटर) रेल लाइनों का सर्वे जारी है।
कटघोरा-डोंगरगढ़ नई लाइन
कटघोरा-डोंगरगढ़ की प्रस्तावित 295 किलोमीटर लाइन कटघोरा, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ को रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर (244 किलोमीटर) और धरमजयगढ़-लोहरदगा (301 किलोमीटर) परियोजनाओं को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
अमृत भारत स्टेशन
इसके तहत 32 स्टेशनों का 1,680 करोड़ रुपये से आधुनिकीकरण हो रहा है। हाल में चांपा, बालोद और सरोना स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण किया गया।