
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। रायपुर के हीरापुर इलाके में स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रात के अंधेरे में फैक्ट्री में घुसे बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद फैक्ट्री से करीब 800 किलो कॉपर वायर काटकर चोरी कर लिया।
चोरी गए तार की कीमत 10 से 12 लाख रुपये आंकी जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान करना मुश्किल हो सके।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाश रात करीब डेढ़ बजे फैक्ट्री में दाखिल हुए थे। इसके बाद सुबह पांच बजे तक परिसर में चोरी की वारदात को अंजाम देते रहे। इस दौरान उन्होंने फैक्ट्री की सुरक्षा में तैनात चौकीदार को अपने कब्जे में ले लिया। उसे बांधकर बेरहमी से पीटा गया। चौकीदार को काबू में करने के बाद बदमाशों ने फैक्ट्री में लगे कॉपर वायर को काटा और बड़ी मात्रा में तार समेटकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए लंबा समय लिया। रात डेढ़ बजे से सुबह पांच बजे तक फैक्ट्री परिसर में उनकी गतिविधियां जारी रहीं। करीब 800 किलो कॉपर वायर काटकर ले जाने से आशंका जताई जा रही है कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी चोरी कर लिए जाने से पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
यह भी पढ़ें- रायपुर के आजाद नगर में हुई 8 लाख की चोरी का खुलासा, सोने-चांदी के आभूषण बरामद; नाबालिग गिरफ्तार
घटना कबीर नगर थाना क्षेत्र की है। वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस बदमाशों की संख्या, फैक्ट्री में प्रवेश करने के तरीके और चोरी किए गए तार को ले जाने के साधनों सहित अन्य पहलुओं की पड़ताल कर सकती है। चौकीदार के बयान और घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में अजीबोगरीब मामला, जीवित महिला को सरकारी कागजों में मृत बताकर रद किया राशन कार्ड