
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को नई गति देने तथा माल परिवहन एवं भंडारण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 100 एकड़ क्षेत्र में एक वृहद इंटीग्रेटेड लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित किया जाएगा। सिंगापुर की प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनी यूनिवर्सल सक्सेस (एस) पीटीई लिमिटेड ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना में लगभग 700 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष पूंजी निवेश की गहरी रुचि दिखाई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सिंगापुर प्रवास के दौरान कंपनी के चेयरमैन प्रसून मुखर्जी के साथ हुई बैठक में इस निवेश प्रस्ताव पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। इस आधुनिक पार्क के निर्माण से राज्य के उद्योगों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुगम लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी उपलब्ध हो सकेगी।
प्रस्तावित लॉजिस्टिक्स पार्क को सिंगापुर की उन्नत तकनीक और आधुनिक प्रबंधन व्यवस्था के आधार पर विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के अंतर्गत अत्याधुनिक वेयरहाउसिंग हब, मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल और मजबूत कोल्ड-चेन नेटवर्क स्थापित करने की रूपरेखा तैयार की गई है। इससे कृषि उपज, प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों और औद्योगिक माल के सुरक्षित भंडारण तथा त्वरित आवागमन में मदद मिलेगी। राज्य में प्रभावी सप्लाई चेन तंत्र स्थापित होने से परिवहन लागत घटेगी और स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंच मिलेगी। इसके साथ ही, इस बड़े औद्योगिक निवेश से प्रदेश में अधोसंरचना मजबूत होगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे।