
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। जिले के 158 पटवारी सोमवार से काम पर लौटेंगे। 13 अक्टूबर से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित होने के बाद राजस्व संबंधी कामकाज फिर शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, पटवारियों के सामने डेढ़ माह से लंबित प्रकरणों के निराकरण की चुनौती रहेगी।
जमीन संबंधी अभिलेखों में सुधार, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और विभिन्न प्रमाणपत्रों से जुड़े काम प्रभावित हुए हैं। इसके साथ ही फसल क्षति का आकलन और किसानों से जुड़े मामलों का निराकरण प्राथमिकता में रहेगा।
लोगों को मिलेगी राहत
हड़ताल के कारण आम लोगों के राजस्व संबंधी काम अटके हुए थे। अब पटवारियों की वापसी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, शुरुआती दिनों में लंबित आवेदनों का दबाव रहेगा। प्रशासन के सामने भी राजस्व कार्यों को गति देने और समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण कराने की चुनौती होगी।
यह भी पढ़ें- एमपी से राजस्थान तक के स्टेशनों पर सीधी नजर, 70 से अधिक वीडियो सर्विलांस से जुड़े; 24 घंटे रहेगी निगरानी
चार मांगों के साथ स्थगित किया आंदोलन
राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ ने शासन की सकारात्मक पहल को देखते हुए आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की है। संघ ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर चार मांगें रखी हैं। इनमें हड़ताल अवधि में पटवारियों के विरुद्ध की गई निलंबन, स्थानांतरण, ब्रेक इन सर्विस और कारण बताओ नोटिस जैसी कार्रवाई निरस्त कर पूर्ववत स्थिति बहाल करने की मांग शामिल है।
साथ ही हड़ताल अवधि को कार्य दिवस मानकर नियमित वेतन देने, वेतन विसंगति दूर करने और लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पर एकरूप आदेश जारी करने की मांग की गई है। इसके अलावा कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए ऑनलाइन मुख्यमंत्री जनदर्शन सेवा शुरू करने की मांग भी रखी गई है।
यह भी पढ़ें- गर्लफ्रेंड को iPhone देने की चाहत में चोर बना युवक, मोबाइल दुकान से चोरी कर भागा; गिरफ्तार