सोशल मीडिया पर ‘फर्जी युवती’ बनकर करता था ठगी, साइबर पुलिस ने दबोचा
लालबाग में एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें प्रार्थी की पुत्री को एक अज्ञात व्यक्ति ने युवती की आवाज में काॅल कर उसके पिता के दुर्घटनाग्रस्त होने और ग ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 15 Jun 2026 07:34:33 PM (IST)Updated Date: Mon, 15 Jun 2026 07:44:38 PM (IST)
फेक अकाउंट वाला पकड़ाया।HighLights
- पैसे नहीं देने पर देता था धमकी।
- अश्लील गालियां दिया करता था।
- फोटो वायरल करने की चेतावनी/
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। सोशल मीडिया पर महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवकों को अपने जाल में फंसाने और ब्लैकमेलिंग करने वाले एक शातिर साइबर ठग को राजनांदगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साइबर थाना और लालबाग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपित को पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
लालबाग में एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें प्रार्थी की पुत्री को एक अज्ञात व्यक्ति ने युवती की आवाज में काॅल कर उसके पिता के दुर्घटनाग्रस्त होने और गंभीर रूप से घायल होने की झूठी जानकारी दी।
जब युवती ने इस सूचना को गलत बताया तो आरोपित ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। बाद में प्रार्थी द्वारा संपर्क किए जाने पर आरोपित ने उन्हें भी अपशब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत और उपलब्ध आडियो रिकार्डिंग के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में साइबर थाना और थाना लालबाग की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपित ठेलकाडीह निवासी 22 वर्षीय दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
महिलाओं के नाम पर दर्जनों आईडी
- जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर महिलाओं के नाम से फर्जी आईडी बनाकर युवकों से संपर्क करता था।
- वह खुद को युवती बताकर बातचीत करता और बाद में पैसों की मांग करता था।
- पुलिस ने बताया कि रकम नहीं मिलने पर आरोपित गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और फोटो एडिट कर परिजनों को भेजने की धमकी देकर लोगों को ब्लैकमेल करता था।
- आरोपित के खिलाफ पर्याप्त तकनीकी साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
- पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर अज्ञात प्रोफाइल से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।