छत्तीसगढ़ में बम की सूचना से रेलवे स्टेशन पर हड़कंप, 45 मिनट तक खड़ी रही एक्सप्रेस, एक हिरासत में
पुलिस और रेलवे की सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का राजफाश हो सकेगा।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 05:37:03 PM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 06:05:07 PM (IST)
यशवंतपुर-कोरबा 45 मिनट के लिए रोकी गई, नईदुनियाHighLights
- बम की सूचना से स्टेशन पर अफरा-तफरी
- यशवंतपुर-कोरबा 45 मिनट के लिए रोकी
- सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर संभाला मोर्चा
नई दुनिया न्यूज, राजनांदगांव। रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्लेटफार्म नंबर-दो पर खड़ी यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस में बम होने की सूचना मिली। ट्रेन में विस्फोटक होने की खबर फैलते ही स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यात्रियों के बीच दहशत की स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल तत्काल अलर्ट हो गए। एहतियात के तौर पर ट्रेन को प्लेटफार्म नंबर-दो पर ही रोक दिया गया। करीब 45 मिनट तक एक्सप्रेस ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही।
बम होने की सूचना मिलते ही रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए ट्रेन और स्टेशन परिसर की जांच शुरू की।
जांच के लिए डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। सुरक्षा बलों ने ट्रेन के विभिन्न हिस्सों और आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की। अचानक हुई इस कार्रवाई से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और अन्य लोगों में कौतूहल के साथ चिंता का माहौल बना रहा।
एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ
मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर अपने कब्जे में लिया है। उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ट्रेन में बम होने की सूचना किस आधार पर दी गई थी और इसके पीछे क्या वजह है। फिलहाल यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस में बम होने की सूचना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस और रेलवे की सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही सूचना की वास्तविकता और पूरे घटनाक्रम का राजफाश हो सकेगा।